योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को बताया यूपी का 'ब्रांड', कंपनियों को दिया बड़ा सुझाव
Naresh Kumar
Nov 12, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर निर्माण होने पर देश-विदेश में इसकी मांग बढ़ेगी। उन्होंने इसे यूपी का ब्रांड बताया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को राज्य का 'ब्रांड' बताते हुए कंपनियों को प्रदेश में इसके निर्माण का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनियां उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बनाएंगी तो देश और विदेश में इसकी मांग अपने आप बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर 8-डी में सीएनएच इंडस्ट्रियल के ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र के शिलान्यास समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
'बुलडोजर पहले ही बन चुका है यूपी का ब्रांड'
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के बुलडोजर की चर्चा देशभर में होती है। उन्होंने सीएनएच इंडस्ट्रियल से प्रदेश में बुलडोजर निर्माण की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''आपने उत्तर प्रदेश के बुलडोजर की चर्चा जरूर सुनी होगी। इसीलिए मैं सीएनएच से कहूंगा कि आप उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बनाएंगे तो देश और विदेश में स्वत: ही इसकी मांग होगी, क्योंकि यह पहले ही उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है।''
कानून-व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पीछे केवल पुलिस भर्ती ही नहीं, बल्कि पुलिस का आधुनिकीकरण और अपराध तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति भी अहम रही है।
उत्तर प्रदेश में बुलडोजर सरकार की अपराध के प्रति सख्त और अतिक्रमण-विरोधी छवि के एक प्रमुख राजनीतिक प्रतीक के रूप में उभरा है। वहीं, विपक्ष सरकार पर कथित तौर पर मनमाने तरीके से बुलडोजर चलाकर लोगों के घर और अन्य इमारतें गिराने का आरोप लगाता रहा है।
'उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश'
योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, उपेक्षा, पिछड़ेपन, पहचान और अराजकता जैसी कई चुनौतियां थीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश अब 'उपद्रव प्रदेश' से 'उत्सव प्रदेश' बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में माफिया के प्रभाव की जगह कानून का शासन स्थापित हुआ है। मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश कारोबार के लिए सुरक्षित और निवेश के लिहाज से आकर्षक स्थान बन रहा है।
निवेश और रोजगार का ग्रोथ हब बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी नई पहचान बना रहा है। प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में विकास को गति देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश, कारोबार करने में आसानी से जुड़े सुधारों और क्षेत्रवार नीतियों के जरिए राज्य में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है। उनके अनुसार, इसी वजह से देश और विदेश की कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रही हैं।