Nabh Chhor
National

'10 जनपथ' को बताया था...', अपनी बायोग्राफी में सोनिया गांधी के चौंकाने वाले खुलासे, राजीव को लेकर कही ये बात

'10 जनपथ' को बताया था...', अपनी बायोग्राफी में सोनिया गांधी के चौंकाने वाले खुलासे, राजीव को लेकर कही ये बात
N

Naresh Kumar

Nov 12, 2026

12 Views
Sonia Gandhi Biography: कांग्रेस लीडर सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में कई खुलासे किए हैं। एक चौंकाने वाले खुलासे के बारे में आपको बता रहे हैं।
Sonia Gandhi Biography News: नई दिल्ली। राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद जब अपने परिवार के साथ नए आवास '10 जनपथ' में जाने वाले थे, तो उनके कई सहयोगियों ने वहां नहीं रहने की सलाह दी थी। क्योंकि वे उस बंगले को 'अशुभ' मानते थे। हालांकि राजीव और सोनिया गांधी ने इस बात को अंधविश्वास मानकर हंसी में उड़ा दिया था। 10 जनपथ को अपना नया आशियाना बना लिया था। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इस रोचक वाकये का जिक्र किया है।
 
राजीव गांधी, सोनिया गांधी और उनके बच्चे 5 फरवरी 1990 को '10 जनपथ' में दाखिल हुए थे। इसके बाद से लगातार यह सोनिया गांधी का आवास बना हुआ है। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में करीब 37 साल पुराने इस आशियाने का जिक्र करते हुए कहा, ''हम 5 फरवरी, 1990 को अपने नए घर 10 जनपथ में रहने आए। राजीव के कई सहयोगियों ने उन्हें इस मकान में रहने के लिए न जाने की सलाह दी थी। उनका मानना था कि यह घर अशुभ है। हालांकि उन्होंने इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की थी। लेकिन न तो राजीव और न ही मैं अंधविश्वासी थे, इसलिए हमने उनकी इस बात को हंसी में टाल दिया।''

जर्जर थी घर की हालत

उन्होंने आवास की शुरुआती स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि बंगला काफी बड़ा था, लेकिन उसकी हालत जर्जर थी। हर कमरे की दीवारों पर नमी के कारण बड़े-बड़े धूसर धब्बे थे। उनके मुताबिक, उस दौर के अन्य मकानों की तरह इस घर की भी मजबूत नींव नहीं थी। गहरे बरामदों को बंद कर दिया गया था, जिससे घर के भीतर अंधेरा और उदासी का माहौल रहता था। परिसर भी काफी बड़ा था, लेकिन उसका रखरखाव ठीक से नहीं किया गया था।

सुरक्षित नहीं था घर

सोनिया ने लिखा है कि घर की चारदीवारी सुरक्षा के लिहाज से बेहद छोटी थी और कोई भी व्यक्ति उसे आसानी से फांद सकता था। पड़ोसी ने साझा दीवार पर कंटीले तार लगाने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया था। उन्होंने स्वीकार किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह इतनी चिंतित रहती थीं कि कई बार उनकी चिंता लगभग जुनून की हद तक पहुंच जाती थी।

पिता से सवाल पूछते थे राहुल

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष के मुताबिक उन्होंने कुछ मित्रों को पूरा परिसर दिखाकर बताया था कि घर सुरक्षा के लिहाज से कितना असुरक्षित है? उनका कहना है कि वह ऐसा इसलिए कर रही थीं ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में ये लोग गवाह बन सकें। हालांकि बाद में साफ-सफाई और मरम्मत के बाद इस घर ने एक खास आकर्षण हासिल कर लिया था। आत्मकथा में सोनिया ने अपने दोनों बच्चों राहुल और प्रियंका के स्वभाव तथा राजीव गांधी के साथ उनके रिश्तों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि दोनों बच्चे अपने पिता से बेहद प्यार करते थे, लेकिन राहुल का स्वभाव सवाल पूछने और चीजों को समझने का था। वह कई बार अपने पिता के विचारों और फैसलों को लेकर सवाल करते थे।

राजीव गांधी के पत्र का जिक्र

उनके मुताबिक राहुल ने श्रीलंका में भारतीय सेना भेजने के फैसले के संभावित परिणामों को लेकर भी राजीव से सवाल किए थे तथा यह वही राजनीतिक फैसला था जिसके दुखद परिणाम सामने आए। सोनिया ने राहुल के 17वें जन्मदिन पर राजीव द्वारा लिखे गए पत्र का भी जिक्र किया है। इसमें राजीव ने बेटे की संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और कठिनाइयों का सामना करने की क्षमता की प्रशंसा की थी। उन्होंने लिखा था कि बदलते समय में लोगों का व्यवहार पहले से अधिक कठोर और निर्दयी हो गया है, लेकिन राहुल ने इसके बावजूद एक सुंदर व्यक्तित्व के रूप में विकास किया है और उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।

Related Stories

ई-पेपर