सुनीता विलियम्स बनीं न्यूयॉर्क परेड की ग्रैंड मार्शल
Naresh Kumar
Nov 12, 2026
सुनीता विलियम्स ने न्यूयॉर्क सिटी में 107वीं पूर्व सैनिक दिवस परेड में ग्रैंड मार्शल की भूमिका निभाई

Related Story
योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को बताया यूपी का 'ब्रांड', कंपनियों को दिया बड़ा सुझाव
12 minutes ago
न्यूयॉर्क: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता 'सुनी' विलियम्स ने न्यूयॉर्क सिटी में 107वें पूर्व सैनिक दिवस की परेड में 'ग्रैंड मार्शल' की भूमिका निभाई।
अमेरिकी नौसेना की पूर्व सैनिक (वेटरन) विलियम्स के साथ इस वार्षिक परेड में हजारों अमेरिकी पूर्व सैनिक, वर्तमान सैन्य कर्मी, मार्चिंग बैंड, देशभक्त संगठन, सैन्य वाहन और अन्य प्रतिभागी शामिल हुए। यह परेड उन लोगों के सम्मान में आयोजित की जाती है, जिन्होंने वर्षों तक देश की सेवा की है।
इस अवसर पर उपस्थित न्यूयॉर्क के भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी सहित अन्य लोगों को संबोधित करते हुए विलियम्स ने कहा कि 107वें पूर्व सैनिक दिवस की परेड में शामिल होना उनके लिए ''बेहद सम्मान की बात'' है।
उन्होंने कहा, ''जब मैं सेना में शामिल हुई थी तो मैंने एक पल के लिए भी नहीं सोचा था कि मैं कभी पूर्व सैनिक बनूंगी... उस समय आप युवा होते हैं और सोचते हैं कि अपना जीवन कैसे बिताएंगे। लेकिन सेना में मेरे शुरुआती अनुभवों ने मुझे वे बुनियादी मूल्य सिखाए, जिनके आधार पर मैंने अपना जीवन जिया। ये मूल्य हैं- साहस, सम्मान और प्रतिबद्धता।''
विलियम्स ने उस अनुभव का भी जिक्र किया जब उन्हें दुनिया भर के लोगों के साथ अंतरिक्ष में रहने और काम करने का मौका मिला।
उन्होंने कहा, ''सेना में बिताए गए समय और वहां से मिली सीख के लिए मैं जितनी भी धन्यवाद दूं, कम है। मैं इन सीख को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहती हूं, ताकि वे हमारी कल्पना से भी कहीं आगे बढ़कर कुछ कर सकें।'' उन्होंने कहा, ''खोज की भावना हमारे दिल और आत्मा में बसी है।''
उन्होंने कहा, ''आजादी मुफ्त में नहीं मिलती। हमने अपनी खोज यात्रा और पूरी दुनिया में भाईचारे एवं एकजुटता को बढ़ावा देकर बार-बार यह साबित किया है कि हम दुनिया के लिए एक आदर्श हैं।''
एक अलग बयान में विलियम्स ने कहा, ''न्यूयॉर्क सिटी पूर्व सैनिक दिवस परेड में 'ग्रैंड मार्शल' की भूमिका निभाना और अपने साथी पूर्व सैनिकों के साथ मार्च करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। नौसेना में बिताए समय ने मेरे व्यक्तित्व को आकार दिया और उसके बाद आने वाली हर चुनौती के लिए मुझे तैयार किया। मुझे इस बात पर गर्व है कि मुझे न्यूयॉर्क के लोगों और पूरे अमेरिका के नागरिकों के साथ मिलकर, हर पीढ़ी के पूर्व सैनिकों की सेवा, बलिदान और समर्पण का सम्मान करने का अवसर मिला।''
'यूनाइटेड वॉर वेटरन्स काउंसिल' के अध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक तथा यूएस मरीन कोर के पूर्व सैनिक मार्क ओटो ने कहा, ''हमें इस बात पर बहुत गर्व है कि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस साल के न्यूयॉर्क सिटी पूर्व सैनिक दिवस परेड में सुनी 'ग्रैंड मार्शल' के रूप में शामिल हो रही हैं।''
न्यूयॉर्क सिटी पूर्व सैनिक दिवस परेड 2026 बुधवार को मैनहट्टन की फिफ्थ एवेन्यू की सड़कों पर आयोजित की गई। 'पूर्व सैनिक दिवस' पर हर साल होने वाली इस परेड का आयोजन 'यूनाइटेड वॉर वेटरन्स काउंसिल' (यूडब्ल्यूवीसी) द्वारा किया जाता है।
ऑनलाइन उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस परेड के 107वें संस्करण में पूर्व सैनिक, सैन्य परिवारों के सदस्य, सेवारत सैनिक, मार्चिंग बैंड, सामुदायिक संगठन और समर्थक एक साथ आए। इसका उद्देश्य ''अमेरिका के सैन्य नायकों के साहस, सेवा और बलिदान का सम्मान करना था।''
विलियम्स नासा की सेवानिवृत्त अंतरिक्ष यात्री और अमेरिकी नौसेना की सेवानिवृत्त कैप्टन हैं।
नासा ने 1998 में उन्हें अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना था। उन्होंने अंतरिक्ष में तीन लंबी अवधि के मिशनों में हिस्सा लिया। यूडब्ल्यूवीसी के अनुसार, उन्होंने अंतरिक्ष में कुल 608 दिन बिताए हैं और 62 घंटे छह मिनट तक 'स्पेसवॉक' (अंतरिक्ष में चहलकदमी) किया है। 'स्पेसवॉक' के कुल समय के मामले में वह नासा की सूची में चौथे स्थान पर हैं।