मिलावट का बढ़ता जाल, इंसान से लेकर प्रसाद तक सवाल
Naresh Kumar
Nov 16, 2026
मिलावट का जलवा हर जगह है जी

Related Story
सकारात्मक सोच और विश्वास से कठिनाइयों पर विजय
3 days ago
बकौल शायर— “हर आदमी से मिलिए जरा संभल-संभलकर, क्योंकि एक आदमी में होते हैं दस-बीस आदमी।” शायर ने यह अशआर अपनी मौज में कहा होगा, पर उसे क्या पता था कि एक दिन इसी मिलावट पर बड़ी बहस होगी? आदमी तो आदमी, आजकल तो भगवान के प्रसाद में भी मिलावट की बात हो रही है जनाब और उस पर कमाल यह है कि यह पता भी खुद भगवान को नहीं चला बल्कि एक सरकार को चला कि प्रसाद में मिलावट है।
मिस्टर इंडिया फिल्म आई थी, उस फिल्म में तो दाल में भी मिलावट थी, चावल में भी मिलावट थी और तो और मिर्च-मसालों में भी मिलावट दिखाई गई थी। हकीकत हम सबके सामने है क्योंकि दाल, चावल, मिर्च-मसालों में मिलावट होती है। गजब तो यह भी है कि आजकल कोई भी कितना ही जोर लगा ले, दूध में मिलावट खत्म ही नहीं कर सकता क्योंकि बताते हैं कि दूध का जितना उत्पादन है, उससे चार गुना खपत है, फिर ये दूध आता कहाँ से है? क्या किसी ने आज तक इस पर बात की?
और कमाल तो यह भी है जितनी भी छोटी-बड़ी कंपनियां, चाहे वह सरकारी हों, गैर-सरकारी हों, जो घी बनाती हैं, उनके पास कितनी भैंसे/गाय हैं जो इतना घी बना लेते हैं कि बिकते-बिकते खत्म ही नहीं होता? छोड़िए, घी तो घी, आजकल तो हवा में भी मिलावट है जो कि प्राकृतिक होती है लेकिन फिर भी आदमी इस हवा में मिलावट करने से नहीं चुका?
पानी का भी यही हाल है, पानी में मिलावट है और निरंतर हो रही है। छोड़िए, सब्जियों में मिलावट है। कमाल है जो लौकी शाम को बेल पर छोटी-सी होती है, वह सुबह होते ही बड़ी क्योंकर हो जाती है और बाजार में बिक जाती है? इससे ज्यादा क्या मिलावट होगी?
सरसों इतनी पैदा नहीं होती, जितना सरसों का तेल होता है। और तो और जो हर हाथ में आजकल खिलौना मिलता है, उसमें भी मिलावट है, कोई चीज किसी कंपनी की है, कोई किसी कंपनी की है।
इसे भी छोड़ दो साहब! रिश्तों में इतनी मिलावट है कि पहचानना ही मुश्किल होता है किसका, किससे, क्या रिश्ता है? शायद! तभी वो सीरियल बना होगा कि—“ये रिश्ता क्या कहलाता है?”
शिक्षा में मिलावट है। स्वास्थ्य जिसे सबसे बड़ी नियामत कहा जाता है, उसमें मिलावट है। दवाइयों में तो इतनी मिलावट है कि खुद डॉक्टर भी हाथ खड़े कर दे रहे हैं। एक बार तो एक बड़े बाबा टाइप पूंजीपति की दवाइयों में हड्डी होने का आरोप लगा था।
पनीर में कितनी मिलावट है, कौन नहीं जानता, किसे नहीं पता? मगर कोई क्या कर रहा है, व्यवस्था चुप है?
अब तो बात यहाँ तक आ चुकी है कि देश की लगभग सभी राजनैतिक पार्टियों में मिलावट है क्योंकि इस पार्टी के नेता, उस पार्टी में और उस पार्टी के नेता, इस पार्टी में मिलते ही रहते हैं। पता नहीं लगता कि सरकार किस पार्टी की है। यहाँ तक यह मिलावट सरकारों तक में पहुँच रही है, घुसपैठ कर रही है।
और तो और जहर में भी मिलावट होने लगी है। अब तो ऐसा लगता नहीं कि कोई चीज ऐसी हो, जिसमें मिलावट ना हो। ऊपर से ऐसे-ऐसे टीके आ गए हैं कि जैसे दूध निकालने से पहले टीका लगाते हैं, जबकि असल में वो जहर है जो दूध में मिल रहा है, लेकिन रुक कौन रहा है?
साहब! जिधर देखिए, उधर मिलावट ही मिलावट मिलेगी, फिर प्रसाद क्या चीज है साहब? आदमी पैसे कमाने की फितरत में इतना पगला गया है कि उसने खुद की जिंदगी के साथ-साथ हर आदमी की जिंदगी दांव पर लगा दी।
यकीन मानिए इस पर सिर्फ बातें होती हैं जबकि हर तरह का कानून मौजूद है मगर बिल्ली के गले में घंटी कौन बांधे? बस! चुनींदा सवाल उठा ले रहे हैं क्योंकि राजनीतिक लाभ जो मिलना है।
वैसे भी आज के दौर में आदमी की कीमत रह ही क्या गई है, क्योंकि आदमी में भी मिलावट हो गई है? इसलिए मिलावट का जलवा हर जगह है जी।