सकारात्मक सोच और विश्वास से कठिनाइयों पर विजय
Naresh Kumar
Nov 13, 2026
सकारात्मक सोच और विश्वास से कठिनाइयों पर विजय

संसार में ऐसा कोई भी कार्य नहीं जो आप न कर सकें। दृढ़ निश्चय की शक्ति से आप किसी भी असंभव कार्य को संभव बना सकते हैं। यह शक्ति सकारात्मक सोच से आती है। आंतरिक प्रेरणा से उत्पन्न होने वाले सकारात्मक विचारों की शक्ति जीवन के विभिन्न लक्ष्यों का संधान करने में सबसे बड़ी सहायक होती है। सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति सुख, समृद्धि और संतुष्टि प्राप्त करता है।
सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए आधारभूत आवश्यकता यही है कि नकारात्मक सोच वालों से दूरी बनाई जाए। नकारात्मकता की संक्रमण शक्ति इतनी घातक होती है कि वह शीघ्र ही अपना दुष्प्रभाव दिखाने लगती है। हमें किसी घटना को जीवन का परिणाम समझकर उसे मात्र एक अनुभव के रूप में देखना चाहिए। जीवन को विस्तृत परिप्रेक्ष्य में देखना ही श्रेयस्कर है।
विपरीत स्थितियों में झुंझलाने, निराश होने या धैर्य खो देने के बजाय हिम्मत से काम लें। प्रायः कुछ अप्रिय घटित होने पर हम अपने भाग्य और भगवान तक को कोसने लगते हैं। इससे हमारे आस-पास नकारात्मक एवं निराशाजनक वातावरण बन जाता है। ऐसी परिस्थिति में लोग कई बार गलत कदम उठा लेते हैं और एक छोटी सी घटना उनके जीवन को भटका देती है।
अपेक्षित परिणाम प्राप्त न होने पर निराश होने के बजाय पूर्ण सकारात्मकता के साथ पुनः लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास में जुट जाएं। स्मरण रहे कि कठिनाइयां और असफलता भी जीवन के भाग हैं। एक आदर्श व्यक्तित्व में सुख-दुख से जुड़े जीवन के सभी पहलुओं का समावेश होता है। इसलिए यह मानकर चलें कि आपको दोनों तरह के अनुभव झेलने ही पड़ेंगे। इसलिए सकारात्मक सोच के साथ अच्छी एवं बुरी दोनों स्थितियों का सामना करें।
एक बात और यह है कि जीवन की ऐसी कोई समस्या नहीं, जिसका इस प्रकृति के पास समाधान ही ना हो। समस्या चाहे कितनी ही बड़ी क्यों न हो, मगर उसका कोई न कोई समाधान अवश्य होता है। हमें समस्या का डटकर सामना करना आना चाहिए क्योंकि समस्या मुकाबला करने से दूर होती है, मुकरने से नहीं।
इस प्रकृति का एक नियम यह भी है कि यहाँ सदैव एक दूसरे द्वारा अपने से दुर्बल को ही सताया जाता है। दुःखों के साथ भी ठीक ऐसा ही होता है। जितना आप दुःखों से भागने का प्रयास करोगे, उतना दुःख तुम्हारे ऊपर हावी होते जाएंगे। स्वामी विवेकानंद जी कहा करते थे कि दुःख बंदरों की तरह होते हैं, जो पीठ दिखाने पर पीछा किया करते हैं और सामना करने पर भाग जाते हैं।
समस्या का डटकर मुकाबला करना ही समस्या को कम करने का सर्वोत्तम उपाय है। अगली बात यह है कि विश्वास मानव जीवन की अनमोल संपदा है। सब कुछ खो जाने पर भी यदि हमने जीवन में अपने विश्वास को नहीं खोया है, तो आज नहीं तो कल विश्वास के बल पर उन सब को फिर से प्राप्त कर लिया जायेगा।
विश्वास स्वयं पर होना चाहिए, विश्वास अपने कर्मों पर होना चाहिए और विश्वास परमात्मा पर होना चाहिए। जहाँ विश्वास होता है, वहीं धैर्य भी जन्म ले पाता है और जहाँ धैर्य का जन्म होता है, वहाँ नैराश्य का विलय एवं पुरुषार्थ का उदय भी हो जाता है।
इसलिए हमेशा जीवन में हर हाल में सकारात्मक बने रहने का हरसंभव प्रयास कीजिए और किसी भी स्थिति में अपना विश्वास न डगमगाने दें क्योंकि विश्वास से ही बेड़ा पार होता है।