बुराई क्यों जीत रही है? अच्छे लोग आखिर चुप क्यों हैं
Naresh Kumar
Nov 10, 2026
जमाना खराब है या हम खुद खराब हैं?

Related Story
चरित्र ही सफलता की जड़, अच्छे कर्म ही मीठे फल
5 days ago
अक्सर हम लोगों के मुँह से सुनते हैं कि अच्छे लोगों का जमाना नहीं रहा, अच्छे लोगों को तो सिर नीचे करके निकलना पड़ता है। दूसरी तरफ यही लोग यह भी कहते सुने जा सकते हैं कि बुरे लोगों के संगठित गुट हैं और बुरे लोग सीना ठोककर शान से चलते हैं। निश्चित रूप से यह बात सही भी प्रतीत होती है क्योंकि ऐसा हो रहा है। लेकिन सवाल यह है कि ऐसा क्यों हो रहा है? और इसके पीछे क्या कारण हैं?
क्या इसके लिए केवल बुरे जो लोग हैं, वे जिम्मेदार हैं या फिर अच्छे जो लोग हैं, उनकी भी कोई जिम्मेदारी बनती है? इस सवाल का उत्तर ढूंढने के लिए सबसे पहले खुद के साथ हुई तमाम घटनाओं को याद कीजिए, साथ ही अपने आस-पास अपने मित्रों-परिचितों के साथ हुई घटनाओं को स्मृति पटल पर लेकर आइए मगर निष्पक्षता के साथ, ताकि सवाल का उत्तर मिल सके।
सोचिए और इसी बीच दो घटनाओं का हम जिक्र करके प्रश्न के उत्तर को ढूंढने का प्रयास करते हैं। एक बार हुआ यों कि एक महिला ने बेबुनियाद आरोप लगाकर किन्हीं दो-तीन लोगों के बरख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवा दी। शिकायत निहायत झूठी और अनावश्यक दबाब बनाने वाली थी। चूँकि एक विशेष कार्यालय में शिकायतकर्ता महिला की पहुँच भी थी, सो उसने पूरा प्रयास किया कि अपनी ही बात को सच साबित किया जाए।
खैर, जांच कमेटी गठित कर दी गई। जांच कमेटी के सामने ही शिकायतकर्ता महिला ने ऐसा बेबुनियाद, तर्कहीन, गिरा हुआ आरोप लगा दिया, जिससे खुद जांच कमेटी भी हैरान रह गई कि जब हमारे सामने कुछ हुआ ही नहीं और फिर भी आरोप लगाया जा रहा है।
अब जो कुछ उसके बाद हुआ, वह बेहद अनुचित था, लेकिन वह हो गया और हुआ यों कि जांच कमेटी के ही दो सदस्यों ने आरोपित व्यक्ति को कहा कि भाई, तेरी बिल्कुल भी कोई गलती नहीं है मगर हम कहेंगे कि पीछा छुड़वा ले और कई परिचितों ने, शुभचिंतकों ने भी ऐसा ही कहा।
आखिर जांच कमेटी आई, उसने जांच की और बिना आरोपित के दस्तखत करवाए ही मामला क्लोज कर दिया क्योंकि जिनका मसला था, उन दोनों ने आपस में लिखकर दे दिया कि हमारा मनमुटाव दूर हो गया है, अब दोनों पक्ष संतुष्ट हैं और मामला बंद किया जाए। मगर आरोपित व्यक्ति, आरोपी था ही नहीं, सिर्फ जान-बूझकर बलि का बकरा बनाने और अपनी गलती छुपाने के लिए बनाया गया था।
आगे देखिए, आज तक वह मामला क्लोज ही है।
अब दूसरी घटना को लेते हैं। ऐसे ही एक शख्स के खिलाफ बेवजह का, बेबुनियाद इतना बवंडर रचाया गया कि वह व्यक्ति खुद ही मान जाए कि उसने गलती की है क्योंकि यहाँ भी ढाल महिला को बनाया गया और जिसे परेशान करना था, उसके तमाम लोगों तक फोन खड़का दिए कि अब हम ये करेंगे, वो करेंगे, ऐसे लिखकर आया, वो महिला तो मान ही नहीं रही।
जबकि कहीं कोई वाद दर्ज नहीं हुआ था लेकिन इस मामले में भी तमाम शुभचिंतकों, दोस्तों ने उसी व्यक्ति को यह समझाया कि अपना पीछा छुड़वा लो, पता नहीं क्या हो जाए, जबकि उन्होंने यह भी पता निकाल लिया कि इसकी कोई गलती नहीं है।
हैरत तो तब हुई जब उसी व्यक्ति के दो-तीन शुभचिंतक उसी से नाक फुलाकर बैठ गए।
अब प्रश्न का उत्तर यह मिला कि हमेशा सच को दबाया जाता है और इसी कारण झूठ के हौंसले सदा बुलंद रहते हैं और बुरे लोगों के गुट हावी रहते हैं, जबकि अच्छे लोग आपस में लड़कर बिखरे हुए रहते हैं।
वरना दोनों ही घटनाओं में ऐसी कोई बात नहीं कि यदि तमाम सही, अच्छे लोग एकजुट हो जाएं, तो निश्चित रूप से झूठे, बुरे लोगों के गुट टूट जाएंगे। मगर बिल्ली के गले में घण्टी कौन बाँधे और अच्छे आदमी क्या करें क्योंकि जो करना चाहिए, वो खुद करते नहीं।
तो प्लीज यह कहना छोड़ दें कि जमाना खराब है। नहीं, बल्कि आप खुद खराब हैं, इसलिए बुरे लोगों को बढ़ावा मिल रहा है। शायद! आपने जिन घटनाओं को सोचा होगा, उनमें भी ऐसा ही होगा।