National
सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती
N
Naresh Kumar
Jul 18, 2026
51 Views
जंतर-मंतर पर 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक धरना समाप्त करने की अपील की।
जंतर-मंतर पर 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक धरना समाप्त करने की अपील की।

सोनम वांगचुक को अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया
नयी दिल्ली, जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वांगचुक अभी चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ''सोनम वांगचुक की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उच्च न्यायालय के आदेशों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुरूप उन्हें आवश्यक चिकित्सीय देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया है।''
पुलिस ने कहा, ''उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए जब उन्हें अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी, तब प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध करते हुए बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए थोड़ी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस ने अत्यधिक संयम बरतते हुए पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करायी।''
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से भी आंदोलन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा, ''हम जंतर-मंतर पर धरना दे रहे सभी प्रदर्शनकारियों से आग्रह करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण ढंग से धरनास्थल खाली करें।''