National
BRICS Summit के लिए दुल्हन-सी सजी दिल्ली, तैयारियां तेज
N
Naresh Kumar
Sep 11, 2026
9 Views
12-13 सितंबर के BRICS Summit से पहले दिल्ली में रोशनी, फूलों और सजावटी पौधों से प्रमुख मार्ग संवारे गए।
12-13 सितंबर के BRICS Summit से पहले दिल्ली में रोशनी, फूलों और सजावटी पौधों से प्रमुख मार्ग संवारे गए।

राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर शुक्रवार को मध्य दिल्ली रोशनी, फूलों और ब्रिक्स थीम वाले संकेतकों से सजी नजर आई। अधिकारियों के अनुसार, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन और पीएमओ गोलचक्कर समेत कई स्थानों पर सजावटी लाइट लगाई गई हैं।
नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लोगो वाले एलईडी संकेतक लगाए हैं। महत्वपूर्ण मार्गों पर बिजली के खंभों पर सम्मेलन की 'थीम' वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। नगर निकाय ने अपने अधिकार क्षेत्र में सौंदर्यीकरण, रोशनी और बागवानी से जुड़े कार्य तेज कर दिए हैं। खासतौर पर हवाई अड्डे और निर्धारित होटलों को सम्मेलन स्थल भारत मंडपम से जोड़ने वाले मार्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। भारत इस समूह की अध्यक्षता एवं सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। अधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 प्रमुख गोलचक्करों, कम से कम 12 होटल परिसर और एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतों को रोशन किया जा रहा है।
महत्वपूर्ण होटलों और प्रमुख सड़कों के आसपास पेड़ों, झाड़ियों आदि में भी रोशनी की गई है।एनडीएमसी ने शिखर सम्मेलन से जुड़े सभी मार्गों पर लगी 'स्ट्रीट लाइट' का निरीक्षण पूरा कर लिया है और जांच के दौरान खराब पाई गई लाइटों को बदल दिया गया है।
रोशनी के साथ बड़े पैमाने पर बागवानी अभियान भी चलाया गया है। इसके तहत नयी दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर 15,000 से अधिक गमलों में सजावटी पौधे लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 15 स्थानों पर 'फ्लोरल (फूलों से सजाए गए) बोर्ड' और नौ स्थानों पर 'फ्लोरल फाउंटेन' लगाए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों और वीआईपी मार्गों पर पौधारोपण, पेड़ों की छंटाई तथा झाड़ियों की कटाई-छंटाई का काम भी तेज किया गया है।
तैयारियों के तहत दिल्ली नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने भारत मंडपम, सराय काले खां, लोधी रोड, निजामुद्दीन, साकेत और शेख सराय समेत प्रमुख क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया है। अधिकारियों को सफाई और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने तथा चिह्नित मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन तैयारियों का उद्देश्य सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और आगंतुकों के स्वागत के लिए राजधानी के सार्वजनिक स्थानों को बेहतर और आकर्षक बनाना है।