Nabh Chhor
National

Mother Dairy का दूध हुआ महंगा, जानें 6 माह में दूसरी बार कितने बढ़े रेट?

Mother Dairy का दूध हुआ महंगा, जानें 6 माह में दूसरी बार कितने बढ़े रेट?
N

Naresh Kumar

Nov 11, 2026

15 Views
Mother Dairy Milk New Rate: मदर डेयरी ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। इस कंपनी ने 6 माह में दूसरी बार दूध के रेट बढ़ाए हैं। नए दामों के बारे में जान लेते हैं।

Mother Dairy Milk Rate: मदर डेयरी ने बढ़ती लागत के कारण दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें वीरवार से लागू होंगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं। उससे पहले अप्रैल 2025 में भी कीमतों में संशोधन किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, मदर डेयरी ने अपने खुले दूध की विभिन्न किस्मों के उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

किसानों ने बढ़ाए रेट

सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं, जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है।

कीमतों में कितना इजाफा

कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर, कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। 

फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर होगी। टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर होगी। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

पिछले साल 17 फीसदी बढ़ा कारोबार

मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।

Related Stories

ई-पेपर