Nabh Chhor
National

फर्जी मेडिकल कॉलेजों से सावधान! दाखिले से पहले मान्यता जांचें, NMC की सख्त सलाह

फर्जी मेडिकल कॉलेजों से सावधान! दाखिले से पहले मान्यता जांचें, NMC की सख्त सलाह
N

Naresh Kumar

Nov 10, 2026

16 Views
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी मेडिकल कॉलेजों से सतर्क रहने की सलाह दी। दाखिले और फीस भुगतान से पहले कॉलेज की मान्यता, स्वीकृत सीटें और अनुमति जांचें।

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी मेडिकल कॉलेजों से सतर्क रहने की सलाह दी। दाखिले और फीस भुगतान से पहले कॉलेज की मान्यता, स्वीकृत सीटें और अनुमति जांचें।

नयी दिल्ली। बिना वैधानिक अनुमति के चिकित्सा पाठ्यक्रम संचालित करने वाले संस्थानों के मामले सामने आने के बाद राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सतर्क किया है। आयोग ने सलाह दी है कि किसी भी मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने या फीस जमा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता और नियामक मंजूरी की अच्छी तरह जांच कर लें।

एनएमसी ने यह परामर्श उच्चतम न्यायालय में लंबित मामले 'आयशा जैन बनाम एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा एवं अन्य' में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जारी किया है। अदालत ने नियामक निकायों को विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी शैक्षणिक संस्थानों के झांसे से बचाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया था।

फार्महाउस से मेडिकल पाठ्यक्रम चलाने का मामला आया सामने

यह निर्देश एक कथित फर्जी मेडिकल कॉलेज का मामला सामने आने के बाद दिया गया। आरोप था कि एक संस्थान फार्महाउस से विभिन्न चिकित्सा पाठ्यक्रम संचालित करने का दावा कर रहा था।

एनएमसी ने कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी भी चिकित्सा पाठ्यक्रम में दाखिला लेने, नामांकन कराने या भुगतान करने से पहले उचित सावधानी बरतनी चाहिए। संस्थान की प्रामाणिकता और नियामक स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना जरूरी है।

एमबीबीएस कॉलेज की आधिकारिक सूची में जरूर करें जांच

आयोग ने एमबीबीएस में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे सबसे पहले जांचें कि संबंधित कॉलेज एनएमसी की ओर से प्रकाशित आधिकारिक मेडिकल कॉलेजों की सूची में शामिल है या नहीं।

इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि कॉलेज को संबंधित शैक्षणिक सत्र के लिए आवश्यक अनुमति मिली हुई है या नहीं।

एनएमसी ने स्पष्ट किया कि किसी कॉलेज का नाम आधिकारिक सूची में होना या उसका पिछले वर्षों में संचालित होना इस बात की गारंटी नहीं है कि उसे आगामी प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में दाखिले की स्वत: अनुमति मिल गई है।

स्वीकृत सीटों से अधिक दाखिला देने पर भी चेतावनी

आयोग ने विद्यार्थियों को आगाह किया है कि कॉलेज की मान्यता और स्वीकृत सीटों की संख्या की भी जांच करें। किसी संस्थान को निर्धारित सीटों से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश देने की स्वत: अनुमति नहीं होती।

विद्यार्थियों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) और मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) के आधिकारिक रिकॉर्ड के जरिए संस्थान की अनुमति, उपलब्ध पाठ्यक्रमों और स्वीकृत सीटों की संख्या की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

विज्ञापनों और सोशल मीडिया पोस्ट पर न करें भरोसा

एनएमसी ने विद्यार्थियों को यह भी चेतावनी दी है कि वे केवल कॉलेज की विवरण-पुस्तिका, वेबसाइट, विज्ञापन या सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट के आधार पर दाखिले का फैसला न लें।

आयोग के अनुसार, संस्थानों या उनके प्रतिनिधियों की ओर से प्रसारित कथित अनुमति-पत्रों और स्वीकृति-पत्रों पर भी बिना सत्यापन भरोसा नहीं करना चाहिए।

आयोग की इस सलाह का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को फर्जी मेडिकल कॉलेजों से बचाना और चिकित्सा शिक्षा में दाखिले की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है।

Related Stories

ई-पेपर