'रिकॉर्ड सावर्जनिक करो...', RSS पर भड़के जयराम रमेश, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
Naresh Kumar
Nov 11, 2026
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने और मंदिर के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग बुधवार को दोहराई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मामले में जवाबदेही और सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मंदिर ट्रस्ट से लेकर निर्माण, चंदा संग्रह, चढ़ावे की गिनती और बैंक में जमा कराने तक हर स्तर पर भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े लोग मौजूद थे। ऐसे में इन संगठनों से जुड़े जिम्मेदार लोगों को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
2021 में हो चुकी शिकायत
रमेश ने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह ने 2021 में ही चढ़ावे में गड़बड़ी और हेराफेरी की शिकायत ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय और गोपाल राव से की थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पद से हटा दिया गया।
उन्होंने सवाल किया कि जब ट्रस्ट के पदाधिकारियों को कथित गड़बड़ियों की जानकारी पहले से थी, तो आरोपपत्र में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को आरोपी बनाने के बजाय गवाह क्यों बनाया गया? उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियर दीनानाथ वर्मा के 40 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोपों का भी उल्लेख किया और सवाल किया कि क्या चंपत राय से इस संबंध में पूछताछ हुई?
कांग्रेस नेता ने एक आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बजरंग दल और आरएसएस से कथित जुड़ाव तथा आरोपी टिन्नू यादव के चंपत राय का चालक होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने चढ़ावे की गिनती से संबद्ध कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की गिनती करने वाले कर्मचारियों की भर्ती बिना विज्ञापन और साक्षात्कार के की गई।
चुप्पी साधने के आरोप
रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पांच फरवरी 2020 को प्रधानमंत्री ने लोकसभा में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी, लेकिन इसके चयन की प्रक्रिया और मापदंड सार्वजनिक नहीं किए गए।
उन्होंने एसआईटी की पहली रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए पूछा कि रिपोर्ट उसी ट्रस्ट को क्यों सौंपी गई, जिसके पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं? रमेश ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं और दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए।