Delhi Heatwave Yellow Alert : दिल्ली में 14 साल की सबसे गर्म रात, मौसम विभाग ने जारी किया लू का 'येलो अलर्ट'
Naresh Kumar
May 25, 2026
Delhi Heatwave Yellow Alert : न्यूनतम तापमान पहुंचा 32.4°C; धूल भरी आंधी के बाद हवा की गुणवत्ता भी हुई 'खराब'
दिल्ली में गर्मी ने पिछले 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक यानी 32.4°C दर्ज किया गया, जो मई के महीने में पिछले 14 साल की सबसे गर्म रात रही। इससे पहले साल 2012 में 26 मई को रात का तापमान 32.5°C रहा था।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग, लोदी रोड और आयानगर जैसे इलाकों में भीषण गर्मी के कारण 'गर्म रात' (Warm Night) की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के नियमों के मुताबिक, जब दिन का तापमान 40°C पार हो और रात का पारा सामान्य से 4.5 से 6.4°C अधिक हो, तो उसे 'गर्म रात' कहा जाता है।
IMD ने दिल्ली में लू (Heatwave) का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 44°C के आसपास पहुंचने का अनुमान है।
गर्मी के साथ-साथ दिल्लीवालों को प्रदूषण की मार भी झेलनी पड़ रही है। रविवार शाम को आई धूल भरी आंधी के कारण सोमवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 206 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।