डीपीएस में बाल दिवस पर विद्यार्थियों ने दी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति
Naresh Kumar
Nov 14, 2026
डीपीएस में बाल दिवस पर विद्यार्थियों ने दी आकर्षक प्रस्तुति

Related Story
ठाकुर दास भार्गव स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
4 hours ago
दिल्ली पब्लिक स्कूल में बाल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक, रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में नृत्य, गायन, हास्य-व्यंग्य प्रस्तुतियों, पैरोडी एवं मनोरंजक कविताओं के माध्यम से शिक्षकों ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या मंजु सुधाकर ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, दयालु और जिम्मेदार इंसान बनना भी है। बच्चों को अपने हृदय में दया, प्रेम, करुणा और सहानुभूति जैसे गुणों को सदैव बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दूसरों का सम्मान करना, जरूरतमंदों की सहायता करना, सभी के प्रति सद्भाव रखना और अपने व्यवहार से दूसरों के जीवन में खुशियां बांटना ही सच्चे संस्कार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा के साथ अच्छे संस्कारों को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाएं तथा अपने जीवन को सार्थक और समाजोपयोगी बनाएं।
विद्यालय निदेशक निहाल सिंह ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल धरोहर भी हैं। प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएं और विशिष्ट प्रतिभाएं छिपी होती हैं। उन्हें ऐसा वातावरण देना आवश्यक है जहां वे निर्भीक होकर सोच सकें, अपनी प्रतिभा को निखार सकें और जीवन में बड़े सपने देखने का साहस कर सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब उन्हें शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, सही मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।

विद्यालय अध्यक्ष मुंशी राम ने कहा कि बचपन जीवन का सबसे सुंदर और अनमोल चरण है। बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सीखने की ललक ही एक उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। बच्चों को प्रेम, विश्वास और प्रोत्साहन देकर उनकी क्षमताओं को विकसित करना चाहिए।