पराली जलाने पर हिसार पुलिस की सख्ती, बरवाला में दो किसानों के खिलाफ मामला दर्ज
Naresh Kumar
Nov 14, 2026
पराली जलाने वालों पर हिसार पुलिस की कार्रवाई, थाना बरवाला पुलिस ने दो किसानों के खिलाफ दर्ज किया मामला

किसानों की पहचान सतीश निवासी बनभौरी और रविंद्र निवासी छान के रूप में हुई। वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत की गई कार्रवाई।
हिसार। पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर हिसार पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बरवाला पुलिस ने खेतों में पराली जलाने के मामले में दो किसानों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में पराली जलाने वाले किसानों की पहचान सतीश निवासी गांव बनभौरी तथा रविंद्र निवासी गांव छान के रूप में हुई है। दोनों किसानों के खिलाफ वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें नियमानुसार मुकदमे की जांच में शामिल किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
एसपी हिसार की किसानों से अपील एवं चेतावनी
पुलिस अधीक्षक हिसार ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे जल्दबाजी या समय बचाने के चक्कर में फसल अवशेषों (पराली) को आग न लगाएं। पराली जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं पर्यावरण को प्रदूषित करने के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसके अलावा आग से मिट्टी की उर्वरता और जमीन में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को भी नुकसान पहुंचता है।
किसान पराली को आग लगाने के बजाय बेलर मशीन की सहायता से गांठें बनवाकर उसका उचित प्रबंधन करें। इन गांठों का उपयोग विभिन्न कार्यों में किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो सकता है।
एसपी हिसार ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की अपील है कि पराली न जलाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा एवं सुरक्षित वातावरण दें।