कैमरी रोड गोलीकांड: तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस का बड़ा एक्शन
Naresh Kumar
Oct 06, 2026
पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस आरोपियों से कर रही पूछताछ।

कैमरी रोड गोलीकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
हिसार। कैमरी रोड के पास हुई गोली चलने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 4 अक्टूबर की रात कैमरी रोड पर हथियारबंद युवकों द्वारा फायरिंग की गई थी। घटना में गोली लगने से नरेश नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गईं तीन विशेष टीमें
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, अमित और अमित के रूप में हुई है।
आरोपियों पर 15 से अधिक मामले दर्ज होने की बात
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्तियों पर लड़ाई-झगड़े, हत्या, लूट और डकैती जैसी संगीन धाराओं में कुल 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश से जुड़ा विवाद हो सकता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में प्रयुक्त हथियारों तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
‘गोलीबारी में शामिल किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा’
पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी जैसी गंभीर वारदात में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्रिकेट मैच खत्म होते ही हुई थी फायरिंग
उल्लेखनीय है कि कैमरी रोड स्थित एक क्रिकेट ग्राउंड में मैच खेला जा रहा था। मैच समाप्त होने के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने हरिता निवासी नरेश और बयानाखेड़ा निवासी धर्मवीर पर फायरिंग कर दी थी।
दोनों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।