हरियाणा पुलिस का अभेद्य ऐप बनेगा साइबर सुरक्षा का कवच
Naresh Kumar
Nov 14, 2026
हरियाणा पुलिस का ‘अभेद्य ऐप’ बनेगा साइबर अपराधियों और धमकीबाजों के खिलाफ डिजिटल सुरक्षा कवच

Related Story
राजकीय महिला कॉलेज में हरियाणवी पखवाड़े पर राज्य स्तरीय कवि सम्मेलन आयोजित
5 minutes ago
अनजान विदेशी व वर्चुअल नंबरों से आने वाली संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल और संदेशों को रोकने में मददगार है ऐप, नागरिक अधिकृत एक्सेस के लिए एसपी कार्यालय से करें संपर्क : एसपी सिद्धान्त जैन
साइबर अपराधी अब इंटरनेट कॉलिंग, फर्जी मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को डराने, धमकाने, रंगदारी मांगने और ठगी करने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे डिजिटल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और नागरिकों को तकनीकी सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा ‘अभेद्य’ मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। हिसार पुलिस द्वारा आमजन को इस ऐप के प्रति जागरूक करते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने बताया कि ‘अभेद्य’ ऐप नागरिकों के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच के रूप में काम करता है। यह ऐप अनजान विदेशी, वर्चुअल और संदिग्ध नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप कॉल तथा संदेशों की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने में मदद करता है। इसके माध्यम से संदिग्ध कॉल, चैट, वॉयस नोट और नोटिफिकेशन को उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले रोका जा सकता है। वहीं, पुलिस के तकनीकी तंत्र को संदिग्ध नंबरों से संबंधित जानकारी का विश्लेषण कर अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलती है।
क्या है ‘अभेद्य’ ऐप की खासियत?
- अनजान विदेशी और वर्चुअल नंबरों से आने वाली संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल की पहचान कर उन्हें रोकने में मददगार।
- संदिग्ध नंबरों से आने वाले धमकी भरे संदेशों और डिजिटल उत्पीड़न से सुरक्षा।
- संदिग्ध कॉल को स्वतः अस्वीकार करने तथा नंबर ब्लॉक करने की सुविधा।
- संदिग्ध चैट, वॉयस नोट और नोटिफिकेशन को हटाने की सुविधा।
- संदिग्ध नंबरों से संबंधित जानकारी के पुलिस स्तर पर तकनीकी विश्लेषण में मदद।
डिजिटल अरेस्ट और रंगदारी की धमकियों से रहें सावधान
हिसार पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से आगाह किया है कि साइबर अपराधी कभी पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से पैसों की मांग करते हैं। इसी प्रकार विदेशी नंबरों से कॉल करके रंगदारी मांगने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले भी सामने आते हैं।
ऐसी किसी भी कॉल से घबराएं नहीं, किसी के दबाव में पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
‘अभेद्य’ ऐप का अधिकृत एक्सेस कैसे प्राप्त करें?
हरियाणा पुलिस का ‘अभेद्य’ ऐप एंड्रॉयड और एप्पल मोबाइल प्लेटफॉर्म के लिए उपलब्ध है। इसका अधिकृत एक्सेस प्राप्त करने के लिए इच्छुक नागरिक पुलिस अधीक्षक हिसार के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ऐप को केवल अधिकृत माध्यम से प्राप्त करें और किसी अनजान लिंक से डाउनलोड न करें।
एसपी हिसार की आमजन से अपील
एसपी हिसार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल सुरक्षा भी व्यक्तिगत सुरक्षा जितनी ही महत्वपूर्ण है। नागरिक आधुनिक तकनीक का समझदारी से उपयोग करें और साइबर अपराधियों के नए तरीकों के प्रति जागरूक रहें। हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित अभेद्य ऐप डिजिटल माध्यमों से मिलने वाली धमकियों और संदिग्ध संपर्कों के विरुद्ध सुरक्षा की महत्वपूर्ण पहल है।
हिसार पुलिस का संदेश: अपराधियों से डरें नहीं, उनकी धमकियों में आएं नहीं। तकनीक को बनाएं सुरक्षा का हथियार, ‘अभेद्य’ के साथ डिजिटल सुरक्षा को दें मजबूती।