20 केस वाला बदमाश, एनकाउंटर में गिरफ्तार!
Naresh Kumar
Nov 12, 2026
फरीदाबाद में चोरी के 20 मामलों में वांछित बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Related Story
दिवाली पर खतरनाक हुआ प्रदूषण, हरियाणा में AQI 300 पार; जानें आपके शहर का हाल
3 days ago
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले की पुलिस ने सेक्टर-58 इलाके में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की टीम और संदिग्ध के बीच बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि ऊंचा गांव अपराध शाखा की एक टीम सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी पुलिसकर्मियों ने चोरी की मोटरसाइकिल पर जा रहे विमल नामक युवक को रोकने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने पुलिस टीम पर दो गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विमल के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह भी चोरी की थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमल का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ चोरी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में हुई चोरी की चार-पांच घटनाओं में भी वांछित था।
अधिकारी ने कहा, ''फिलहाल आरोपी का सिविल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर है। अन्य चोरियों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उससे पूछताछ की जाएगी।''