मन विचारों का ऐसा बंडल है जो इंसान को प्रभावित करता है, लेकिन सकारात्मक सोच और इंद्रियों पर नियंत्रण से इसे साधा जा सकता है।
मन की चंचलता से छुटकारा कैसे पाएं?
इंसानी शरीर बड़ा विचित्र है क्योंकि इसे किसी इंजीनियर ने नहीं बल्कि ईश्वर ने बनाया है। हर अंग-प्रत्यंग अपनी जगह एकदम सही है। मोटे तौर पर देखें तो किडनी अपना काम करती है, दिल धड़कता है, पाचन-तंत्र भोजन को पचाता है और तंत्रिका तंत्र शरीर की विभिन्न गतिविधियों को नियंत्रित करता है। जब इनमें कोई गड़बड़ी आती है तो समस्या पैदा होती है और सही उपचार मिलने के बाद स्थिति में सुधार भी हो सकता है।
आंखें देखने का काम करती हैं, कान सुनते हैं, जिह्वा स्वाद चखकर तंत्रिका तंत्र तक संदेश पहुंचाती है और नाक सूंघने का काम करती है। शरीर के लगभग सभी अंग अपने-अपने कार्य में लगे रहते हैं। लेकिन एक ऐसी चीज भी है, जो दिखाई तो नहीं देती, फिर भी इंसान को लगातार प्रभावित करती रहती है। वह है मन।
अक्सर हम कहते हैं कि “मेरा मन नहीं लग रहा है” या “आज मेरा यह खाने का मन है।” साधु, संत, पीर-फकीर और आम इंसान—सभी के जीवन में मन की चंचलता का अनुभव देखने को मिलता है। जो व्यक्ति इस चंचलता पर नियंत्रण पा लेता है, उसे जीवन में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाला माना जाता है।
इसके साथ ही शरीर में आत्मा की अवधारणा भी हमारे धार्मिक और आध्यात्मिक चिंतन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। इसे परमात्मा का अंश माना गया है और इसे अजर-अमर बताया गया है। धार्मिक ग्रंथों में आत्मा के स्वरूप और शरीर परिवर्तन से जुड़ी अनेक बातें कही गई हैं।
अब सवाल मन का है। मेडिकल दृष्टि से शरीर में मन नाम का कोई अलग अंग नहीं होता, फिर भी मनुष्य के व्यवहार और जीवन में इसकी चर्चा लगातार होती रहती है। विज्ञान में इसे माइंड कहा जाता है और मनोविज्ञान में चेतन, अवचेतन और अर्धचेतन जैसी अवस्थाओं का वर्णन मिलता है।
रात में आने वाले सपनों को भी मन की विभिन्न अवस्थाओं से जोड़कर देखा जाता है। इस दृष्टि से जिसे हम मन कहते हैं, वह विचारों का एक सुलझा-अनसुलझा बंडल यानी “बंडल ऑफ थॉट” जैसा है। यही विचार व्यक्ति के सामने कई बार बड़ी चुनौती बनकर खड़े हो जाते हैं।
हर व्यक्ति के दिमाग में लगातार कुछ न कुछ चलता रहता है। विचार अच्छे भी हो सकते हैं और बुरे भी। इसी वजह से मन की चंचलता को लेकर कहा गया है— “मन मेरा घणा चंचल सै, हर रोज उड़ारी लै, आच्छे काम ना करता यो नई मोल बीमारी लै।”
सच्चाई यह है कि विचारों को पूरी तरह रोकना आसान नहीं है, लेकिन उन्हें दिशा देना संभव है। इसलिए जरूरी है कि व्यक्ति अपने भीतर सकारात्मक सोच को मजबूत करे और नकारात्मक विचारों को अपने ऊपर हावी न होने दे।
हमें अपने दिमाग को यह स्पष्ट संदेश देना चाहिए कि हमें सकारात्मक और अच्छे विचारों को ही महत्व देना है। जब व्यक्ति अपने विचारों पर नियंत्रण रखने का अभ्यास करता है, तो धीरे-धीरे मन की चंचलता को संभालना आसान हो सकता है।
श्रीमद्भगवद्गीता में भी इंद्रियों पर नियंत्रण के महत्व को बताया गया है। पांचों इंद्रियों को वश में करने वाला व्यक्ति उन्हें अपने नियंत्रण में रख सकता है, जबकि इंद्रियों पर नियंत्रण न होने की स्थिति में व्यक्ति उनके प्रभाव में आ सकता है।
इसलिए जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल शरीर को स्वस्थ रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विचारों, इंद्रियों और मन की चंचलता पर नियंत्रण रखना भी महत्वपूर्ण है। सकारात्मक सोच और आत्मनियंत्रण के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को अधिक संतुलित दिशा दे सकता है।
टिप्पणियां (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!
टिप्पणी लिखें