हिसार, हरियाणा | 22°C साफ़
Nabh Chhor
Global

बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक

N Naresh Kumar 17 मिनट पहले 9 व्यूज़
शेयर करें:
बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक

बांग्लादेश की अदालत ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर अंतरिम दिशा-निर्देश बनाने का आदेश दिया।

बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक

बांग्लादेश की एक अदालत ने अधिकारियों को 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करने से रोकने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने का निर्देश दिया है। अदालत ने नाबालिगों पर एल्गोरिदम आधारित कंटेंट के प्रभावों की जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने का भी आदेश दिया।

समाचार पत्र 'प्रथम आलो' की खबर के अनुसार, बांग्लादेश के उच्चतम न्यायालय के उच्च न्यायालय प्रभाग ने रविवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान ये निर्देश जारी किए।

याचिका में सरकार की ओर से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाया गया था।

न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव, बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

अदालत ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की एक समिति का तत्काल गठन करने का भी आदेश दिया। यह समिति एल्गोरिदम द्वारा नियंत्रित कंटेंट फीड का बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करेगी।

समिति यह जांच करेगी कि एल्गोरिदम आधारित सुझाव प्रणाली बच्चों के व्यवहार, ऑनलाइन कंटेंट तक उनकी पहुंच और उनके समग्र विकास को किस तरह प्रभावित करती है।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब दुनियाभर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक सेहत और विकास पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ रही है। कई देशों में बच्चों की उम्र के आधार पर सोशल मीडिया इस्तेमाल को सीमित करने और हानिकारक ऑनलाइन कंटेंट से बचाने के लिए कड़े नियमों पर विचार किया जा रहा है।

विशेषज्ञ समिति अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए जरूरी नियम और उपाय तय किए जा सकते हैं।

टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!

टिप्पणी लिखें

टिप्पणियां जाँच के बाद प्रकाशित होंगी।

संबंधित खबरें