23 नवंबर का इतिहास: दुखद घटनाओं से जुड़ी तारीख
23 नवंबर के इतिहास में जगदीश चंद्र बोस के निधन, विमान हादसों और कई अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का उल्लेख मिलता है।
23 नवंबर का इतिहास: दुखद घटनाओं से जुड़ी तारीख
नई दिल्ली, 23 नवंबर। इतिहास में दर्ज हर तारीख की तरह 23 नवंबर के नाम भी बहुत सी घटनाएं दर्ज हैं। हालांकि, यह एक संयोग ही है कि इस तारीख की ज्यादातर घटनाएं दुखद रहीं, फिर चाहे वह 1937 में जगदीश चंद्र बोस का निधन हो या 1996 में इथियोपिया का विमान हादसा, या फिर इजिप्टएयर के विमान अपहरण का मामला।
महान भौतिकशास्त्री, जीवविज्ञानी और वनस्पति वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस का 23 नवंबर 1937 को निधन हो गया। रेडियो एवं माइक्रोवेव विज्ञान के क्षेत्र में शोध करने वाले बोस ने क्रेस्कोग्राफ नामक यंत्र बनाया, जिससे पौधों की वृद्धि मापी जा सकती थी। उन्होंने सिद्ध किया कि पौधों में भी बाहरी उत्तेजनाओं के प्रति प्रतिक्रिया होती है।
23 नवंबर 1996 को अदीस अबाबा से नैरोबी जा रहे इथियोपियन एयरलाइंस के बोइंग 767-260ईआर विमान का तीन इथियोपियाई नागरिकों ने अपहरण कर लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में राजनीतिक शरण की मांग करते हुए विमान को वहां ले जाने का दबाव बनाया, जबकि विमान में केवल उतना ही ईंधन था जो नैरोबी तक के लिए पर्याप्त था।
ईंधन खत्म होने के बाद कैप्टन ने विमान को कोमोरोस द्वीप समूह के पास हिंद महासागर में आपात स्थिति में उतारने का प्रयास किया, लेकिन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार 175 में से 125 लोग मारे गए।
23 नवंबर 1985 को एथेंस से काहिरा जा रहे इजिप्टएयर के विमान का अपहरण किया गया। माल्टा में कमांडो कार्रवाई के दौरान लगभग 60 लोगों की मृत्यु हुई। एथेंस से उड़ान भरने के लगभग 10 मिनट बाद तीन फलस्तीनी उग्रवादियों ने बोइंग 737 विमान पर कब्जा कर लिया।
विमान में मौजूद मिस्र के एक सुरक्षा अधिकारी ने एक अपहरणकर्ता को मार गिराया, लेकिन गोलीबारी में विमान का दबाव कम हो गया, जिसके कारण उसे माल्टा के लूका हवाई अड्डे पर उतारा गया। माल्टा के अधिकारियों ने विमान में ईंधन भरने से मना कर दिया।
इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने पासपोर्ट के आधार पर इजराइली और अमेरिकी नागरिकों को अलग किया और यात्रियों को गोली मारना शुरू कर दिया। कुल पांच यात्रियों को गोली मारी गई, जिनमें से दो की मौत हो गई और तीन बच गए।
24 नवंबर की रात मिस्र के विशेष कमांडो दस्ते ने विमान को छुड़ाने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल कर धावा बोला। विस्फोटों और गोलीबारी के कारण विमान के अंदर आग लग गई और जहरीला धुआं भर गया। इस पूरे घटनाक्रम और असफल बचाव अभियान में कुल 60 लोगों की मृत्यु हुई।
देश-दुनिया के इतिहास में 23 नवंबर की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:
- 1857: कोलिन कैंपबेल की अगुवाई में अंग्रेजों ने लखनऊ को क्रांतिकारियों के कब्जे से मुक्त कराया।
- 1926: आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा का जन्म।
- 1936: फोटो पत्रकारिता में अलग पहचान रखने वाली पत्रिका 'लाइफ' का पहला अंक प्रकाशित।
- 1937: देश के जाने-माने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस का निधन।
- 1946: बंदरगाह शहर हेइफोंग पर फ्रांस के नौसैनिक हमले में वियतनाम के 6000 नागरिकों की मौत।
- 1978: पूर्वी श्रीलंका में आए शक्तिशाली चक्रवात ने भारी तबाही मचाई, जिसमें लगभग 1,000 लोगों की जान गई।
- 1980: दक्षिणी इटली के इरपिनिया क्षेत्र में लगभग 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें लगभग 2,500 से 4,900 लोगों की मृत्यु हुई।
- 1983: भारत में पहले राष्ट्रमंडल शिखर सम्मेलन का आयोजन राजधानी दिल्ली में हुआ।
- 1984: लंदन के ऑक्सफोर्ड सर्कस स्टेशन पर आग लगने से करीब एक हजार लोग तीन घंटे तक धुएं से भरी सुरंग में फंसे रहे।
- 1985: एथेंस से काहिरा जा रहे इजिप्टएयर के विमान का अपहरण किया गया।
- 1990: ब्रिटेन के प्रसिद्ध लेखक रोल्ड डॉल का इंग्लैंड के ऑक्सफर्ड में निधन।
- 1996: इथियोपियाई एयरलाइंस के बोइंग 767 विमान का अपहरण हुआ और ईंधन समाप्त होने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार 175 में से 125 लोगों की मृत्यु हुई।
- 2001: इजराइल के एक हेलीकॉप्टर ने पश्चिमी तट में एक वाहन पर दो मिसाइल दागकर हमास के प्रमुख सदस्य महमूद अबु हनौद को मार गिराया।
- 2009: फिलीपीन के मागुइंदानाओ में राजनीतिक चुनावी काफिले पर हमला कर 57 लोगों की हत्या कर दी गई, जिनमें 34 पत्रकार भी शामिल थे।
- 2011: लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनों के चलते यमन के राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह को 33 वर्ष के शासन के बाद इस्तीफा देना पड़ा।
- 2022: अमेरिका के वर्जीनिया के वॉलमार्ट में हुई गोलीबारी में हमलावर समेत सात लोगों की मौत हुई।
- 2024: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कबायली गुटों के बीच हुई हिंसा में 37 लोगों की मौत हुई।
टिप्पणियां (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!
टिप्पणी लिखें