एआई और गूगल सर्च से ढाई साल बाद परिवार से मिली महिला
Naresh Kumar
Nov 14, 2026
महाराष्ट्र की 45 वर्षीय जुलेखा शेख ढाई साल से परिवार से बिछड़ी थीं। जीवन आनंद संस्था ने एआई और गूगल सर्च की मदद से उन्हें परिजनों से मिलवाया।

महाराष्ट्र में 45 वर्षीय महिला को सामाजिक संस्था ने एआई और गूगल सर्च की मदद से ढूंढ निकाला। ढाई साल बाद परभणी में परिजनों से मिलवाया।
ढाई साल से परिवार से बिछड़ी थी महिला
ठाणे। महाराष्ट्र में एक सामाजिक संस्था ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और गूगल सर्च जैसे डिजिटल उपकरणों की मदद से घर से बिछड़ी 45 वर्षीय महिला को ढाई साल बाद उसके परिवार से मिलवाया। मानसिक रूप से व्यथित अवस्था में घर से भटक गई महिला को परभणी जिले में उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जुलेखा मुखीद शेख को 3 अप्रैल 2024 को सिंधुदुर्ग जिले के पांडुर स्थित संविता आश्रम में भर्ती कराया गया था। मुंबई की कोलाबा पुलिस और चेंबूर स्थित सरकारी महिला भिक्षु गृह के एक परिवीक्षा अधिकारी के अनुरोध पर कुर्ला की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने इस संबंध में आदेश जारी किया था।
संस्था की टीम ने बातचीत से जुटाई जानकारी
विज्ञप्ति के मुताबिक, 'जीवन आनंद संस्था' के न्यासी किसान चौरे और उनकी टीम ने महिला की पृष्ठभूमि जानने के लिए उससे नियमित रूप से बातचीत की। धीरे-धीरे मिली जानकारी के आधार पर टीम ने उसके परिवार और गृहनगर का पता लगाने के प्रयास तेज किए।
इस दौरान टीम ने गूगल सर्च और चैटजीपीटी जैसे डिजिटल उपकरणों की मदद ली। इनकी सहायता से महिला के गृहनगर की पहचान करने में सफलता मिली। इसके बाद परभणी में 'निर्भया' पुलिस दस्ते के साथ समन्वय कर उसके रिश्तेदारों से संपर्क किया गया।
फोन पर हुई बातचीत, पति आश्रम पहुंचकर ले गया घर
करीब ढाई साल तक परिवार से अलग रहने के बाद जुलेखा की अपने परिजनों से फोन पर बातचीत कराई गई। इसके बाद उसके पति मुखीद शेख 9 नवंबर को संविता आश्रम पहुंचे और महिला को अपने साथ घर ले गए।
संस्था के न्यासी किसान चौरे ने बताया कि महिला से धैर्यपूर्वक बातचीत करने और गूगल सर्च एवं चैटजीपीटी जैसे डिजिटल उपकरणों की मदद से उसके गृहनगर का पता लगाया गया। इसके बाद परभणी के निर्भया पुलिस दस्ते के सहयोग से उसे परिवार से मिलवाया गया।
उन्होंने कहा कि महिला के बिछड़ने से उसका परिवार काफी दुखी था। ढाई साल बाद परिवार से दोबारा मिलना महिला और उसके परिजनों के लिए भावुक पल रहा।