ग्लांस में एल कैटरटन का रणनीतिक निवेश, AI एजेंटिक कॉमर्स को मिलेगा बढ़ावा
Naresh Kumar
Oct 26, 2026
जियो प्लेटफॉर्म्स समर्थित ग्लांस ने एल कैटरटन से नया निवेश जुटाया। जानिए कैसे AI एजेंटिक कॉमर्स खरीदारी के भविष्य को बदल सकता है।

नयी दिल्ली। जियो प्लेटफॉर्म्स समर्थित एआई एजेंटिक कॉमर्स मंच ग्लांस (Glance) ने वैश्विक उपभोक्ता-केंद्रित निवेश कंपनी एल कैटरटन (L Catterton) से नया निवेश जुटाया है। कंपनी ने सोमवार को नई इक्विटी शेयर जारी कर अघोषित राशि जुटाने की जानकारी दी। इस निवेश से ग्लांस की एआई आधारित खरीदारी तकनीक और एजेंटिक कॉमर्स मॉडल को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नवीन तिवारी ने निवेश को बताया कारोबार मॉडल की पुष्टि
इनमोबी और ग्लांस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नवीन तिवारी ने कहा कि एल कैटरटन उपभोक्ता क्षेत्र की प्रतिष्ठित निवेश कंपनियों में से एक है। कंपनी के पास ऐसे ब्रांडों की पहचान करने और उन्हें विकसित करने का उल्लेखनीय अनुभव है, जो अपने क्षेत्र में नई पहचान बनाते हैं।
तिवारी के अनुसार, ग्लांस में निवेश करने का एल कैटरटन का फैसला कंपनी के खरीदारी मॉडल की पुष्टि करता है। उन्होंने कहा कि वाणिज्य का भविष्य केवल उत्पादों की खोज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एजेंटिक शॉपिंग की ओर बढ़ेगा, जहां एआई उपभोक्ताओं को खरीदारी के फैसले लेने में सहायता करेगा।
एल कैटरटन करीब 40 अरब डॉलर की इक्विटी पूंजी का करती है प्रबंधन
एल कैटरटन निजी इक्विटी, ऋण और रियल एस्टेट के लिए समर्पित विभिन्न मंचों के माध्यम से करीब 40 अरब डॉलर की इक्विटी पूंजी का प्रबंधन करती है। कंपनी वैश्विक स्तर पर उपभोक्ता-केंद्रित कारोबारों में निवेश करती है।
एल कैटरटन के वैश्विक सीईओ स्कॉट डैनके ने कहा कि एजेंटिक कॉमर्स उपभोक्ताओं के उत्पाद खोजने और खरीदने के तरीके में बुनियादी बदलाव ला रहा है। इससे उन ब्रांडों के लिए बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं, जो खरीदारी को अधिक व्यक्तिगत, सहज और आकर्षक बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्लांस इस बदलाव का लाभ उठाने की विशिष्ट स्थिति में है। मंच उपभोक्ताओं को अलग तरह का अनुभव देने के साथ उन डिजिटल स्क्रीन तक व्यापक पहुंच उपलब्ध कराता है, जहां लोग अपना समय बिताते हैं।
2022 में जियो प्लेटफॉर्म्स से मिले थे 20 करोड़ डॉलर
ग्लांस ने चार साल से अधिक के अंतराल के बाद नए इक्विटी शेयर जारी करके नई पूंजी जुटाई है। इससे पहले फरवरी 2022 में कंपनी ने जियो प्लेटफॉर्म्स से 20 करोड़ डॉलर जुटाए थे। उस समय ग्लांस का अनुमानित उद्यम मूल्यांकन 1.7 अरब से 1.8 अरब डॉलर के बीच था।
इससे पहले दिसंबर 2020 में गूगल ने मौजूदा निवेशक मिथ्रिल कैपिटल के साथ मिलकर 14.5 करोड़ डॉलर के निवेश दौर का नेतृत्व किया था।
क्या है एजेंटिक कॉमर्स?
एजेंटिक कॉमर्स ऐसी खरीदारी व्यवस्था है, जिसमें कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित एजेंट उपभोक्ताओं की जरूरत और निर्देश के अनुसार उत्पाद खोजने, उनकी तुलना करने और खरीदारी की प्रक्रिया में सहायता करते हैं। कुछ मामलों में ये एजेंट उपभोक्ता की अनुमति और तय निर्देशों के आधार पर खरीदारी के कुछ चरण खुद भी पूरे कर सकते हैं।
इस तकनीक का उद्देश्य खरीदारी को अधिक सुविधाजनक और व्यक्तिगत बनाना है। ग्लांस का नया निवेश ऐसे समय में आया है, जब एआई आधारित सेवाएं डिजिटल कॉमर्स और उपभोक्ताओं के खरीदारी अनुभव को बदल रही हैं।