जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO से पहले 8,109 करोड़ के शेयर आवंटित, निवेशकों की भारी मांग
Naresh Kumar
Oct 20, 2026
जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO से पहले 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर एंकर निवेशकों को आवंटित किए

212 बड़े निवेशकों को मिले शेयर
नई दिल्ली: जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से पहले 212 एंकर निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए हैं। कंपनी ने ये शेयर मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर 1,119 रुपये प्रति शेयर पर आवंटित किए हैं।
संस्थागत निवेशकों की ओर से 30 गुना से अधिक बोलियां
शेयर बाजारों के पास उपलब्ध जानकारी और सूत्रों के अनुसार, एंकर निवेशकों के लिए रखे गए शेयरों के मुकाबले संस्थागत निवेशकों की बोलियों का आंकड़ा 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। यह एंकर बुक के आकार से 30 गुना से भी ज्यादा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.43% हिस्सेदारी
जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज की अनुषंगी कंपनी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास इसमें 66.43 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी अब शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है।
वैश्विक निवेश कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी
एंकर बुक में बोली लगाने वाली वैश्विक निवेश कंपनियों में ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, टी. रो प्राइस, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेम्पलटन, इनवेस्को और जेनस हेंडरसन शामिल हैं।
सरकारी निवेश कोषों ने भी लगाईं बोलियां
सूत्रों के मुताबिक, सिंगापुर के जीआईसी, अबू धाबी निवेश प्राधिकरण, कतर निवेश प्राधिकरण और नॉर्वे के नोर्गेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट समेत कई सरकारी एवं सार्वजनिक निवेश संस्थानों ने भी निवेश के लिए बोलियां लगाईं।
भारतीय म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों की भागीदारी
भारतीय निवेशकों में एसबीआई म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी शामिल रहे।
इसके अलावा, एलआईसी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और विभिन्न पेंशन फंडों ने भी बोलियां लगाईं।
30,213 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
जियो प्लेटफॉर्म्स इस IPO के जरिए 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए सार्वजनिक अभिदान 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने शेयरों का मूल्य दायरा 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है। निर्गम में अधिकतम 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (OFS) शामिल नहीं होगी।
भारत का सबसे बड़ा IPO बनने की उम्मीद
इस IPO के भारत का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बनने की उम्मीद है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर जियो प्लेटफॉर्म्स का मूल्यांकन करीब 108 अरब अमेरिकी डॉलर हो सकता है।