Business
AI की बढ़ती मांग से Lenovo India को बड़ा फायदा, पहली तिमाही में राजस्व 18% बढ़ा
N
Naresh Kumar
Aug 13, 2026
38 Views
Lenovo India ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 18% राजस्व वृद्धि दर्ज की। कंपनी के मुताबिक, Personal AI और Enterprise AI से जुड़े एकीकृत समाधानों की मजबूत मांग से कारोबार को गति मिली। वैश्विक स्तर पर Lenovo का राजस्व 43% बढ़कर 26.9 अरब डॉलर पहुंचा।
Lenovo India ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 18% राजस्व वृद्धि दर्ज की। कंपनी के मुताबिक, Personal AI और Enterprise AI से जुड़े एकीकृत समाधानों की मजबूत मांग से कारोबार को गति मिली। वैश्विक स्तर पर Lenovo का राजस्व 43% बढ़कर 26.9 अरब डॉलर पहुंचा।

मजबूत एआई मांग से लेनोवो इंडिया का पहली तिमाही का राजस्व 18 प्रतिशत बढ़ा
नयी दिल्ली, लेनोवो इंडिया के राजस्व में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े एकीकृत समाधानों की मजबूत मांग से यह वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी ने भारत में अपने कारोबार से संबंधित राजस्व का विशिष्ट आंकड़ा जारी नहीं किया है।
लेनोवो इंडिया के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शैलेंद्र कट्याल ने कहा, ''लेनोवो इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत की है और पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में राजस्व सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़ा है। यह प्रदर्शन व्यक्तिगत एआई और उद्यम एआई के लिए हमारे पूर्ण-स्तरीय हाइब्रिड एआई समाधानों की मजबूती, हमारी आपूर्ति श्रृंखला के लचीलेपन और ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है।''
उन्होंने कहा कि ग्राहक अब अलग-अलग प्रौद्योगिकियों के बजाय तेजी से एकीकृत समाधान तलाश रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर लेनोवो समूह ने अब तक के सबसे मजबूत तिमाही परिणाम दर्ज किए। समायोजित शुद्ध आय 176 प्रतिशत बढ़कर 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर हो गई।
समूह का कुल राजस्व 26.9 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 18.8 अरब अमेरिकी डॉलर से 43 प्रतिशत अधिक है। यह पांच साल में समूह की सबसे अधिक तिमाही राजस्व वृद्धि है।
एआई से संबंधित राजस्व सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 9.3 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। समीक्षाधीन तिमाही में समूह के कुल कारोबार में इसकी हिस्सेदारी 35 प्रतिशत रही। लेनोवो समूह के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) युआनकिंग यांग ने कहा, ''लेनोवो के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ वर्ष के बाद अब हमने अपनी अब तक की सबसे मजबूत तिमाही दर्ज की है। वृद्धि में तेजी आई है, लाभप्रदता में और सुधार हुआ है और एआई हर कारोबारी समूह में वृद्धि का प्रमुख आधार बनकर उभरा है।''
इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस समूह (आईएसजी) का राजस्व करीब दोगुना होकर 8.5 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जो सालाना आधार पर 98 प्रतिशत अधिक है। इस खंड का परिचालन लाभ 77.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा।
एआई सर्वर के लिए संभावित कारोबार बढ़कर 54 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया जो तिमाही आधार पर 157 प्रतिशत की वृद्धि है। यह वृद्धि एआई बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग और तेजी से बढ़ते ग्राहक आधार से प्रेरित रही।
पर्सनल कंप्यूटर, टैबलेट और स्मार्टफोन समेत इंटेलिजेंट डिवाइसेज समूह (आईडीजी) का राजस्व 27 प्रतिशत बढ़कर 17.1 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज समूह (एसएसजी) का राजस्व 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर रहा जो सालाना आधार पर 28 प्रतिशत अधिक है।