JEE Topper : JEE Advanced टॉपर शुभम कुमार बोले- सोशल मीडिया से दूरी और लक्ष्य पर फोकस ने दिलाई सफलता
Naresh Kumar
Jun 01, 2026
JEE Topper : 360 में से 330 अंक हासिल कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया, आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस करने का सपना
जेईई एडवांस्ड 2026 के घोषित परिणामों में बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र सोशल मीडिया से दूरी, नकारात्मक खबरों से बचाव और लक्ष्य पर पूरा फोकस रहा।
कोटा में पिछले दो वर्षों से तैयारी कर रहे शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि वे रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे और मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल परिवार और शिक्षकों से संपर्क के लिए करते थे।
शुभम ने कहा कि कोटा में मिलने वाली बेहतर स्टडी मटेरियल, अनुभवी शिक्षक और प्रतिस्पर्धी माहौल ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तनाव के समय वे कुछ मिनट ध्यान लगाते थे और परिवार व दोस्तों का सहयोग लेते थे।
वहीं, गुरुग्राम के कबीर छिल्लर ने 329 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वे केवल एक अंक से टॉप रैंक से चूक गए। कबीर ने भी सोशल मीडिया से दूरी को अपनी सफलता का अहम कारण बताया। उनका कहना है कि वे पढ़ाई को लेकर कभी तनाव नहीं लेते और किसी विषय को एक बार पढ़ने के बाद आसानी से याद रख लेते हैं।
दोनों छात्र अब आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने का सपना पूरा करना चाहते हैं।