Fake Marriage Gang : शादी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, 42 दूल्हों को बनाया शिकार
Naresh Kumar
May 25, 2026
Fake Marriage Gang : अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का झांसा देकर लाखों की ठगी, दूल्हे रातभर करते रहे इंतजार
मध्य प्रदेश के देवास में शादी के नाम पर बड़ा ठगी कांड सामने आया है। यहां 42 से ज्यादा दूल्हों और उनके परिवारों को अनाथ आश्रम की लड़कियों से शादी कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने इस मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया से सुंदर युवतियों की तस्वीरें लेकर उन्हें दुल्हन बताकर परिवारों को दिखाया। इसके बाद सामूहिक विवाह समारोह कराने के नाम पर हर परिवार से 10 हजार से 25 हजार रुपये तक वसूले गए।
रविवार को अलग-अलग जिलों से पहुंचे दूल्हे और उनके परिजन देवास के तय स्थान पर घंटों तक दुल्हनों का इंतजार करते रहे। रात तक कोई दुल्हन नहीं पहुंची तो लोगों को ठगी का एहसास हुआ और वे पुलिस थाने पहुंचे।
देवास पुलिस ने सुनीता दास बैरागी और मुकेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कई परिवार सामाजिक शर्म के डर से शिकायत दर्ज नहीं करा रहे हैं।