अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ी, जलसा के बाहर बुलेटप्रूफ इंतजाम
Naresh Kumar
Nov 02, 2026
बम की धमकी के बाद अमिताभ बच्चन ने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन किया

नयी दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हाल में मिली बम से उड़ाने की धमकी के बाद रविवार को अपने आवास 'जलसा' से बाहर आए और वहां बड़ी संख्या में एकत्र प्रशंसकों का बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से अभिवादन किया।
हाल ही में मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें बच्चन के आवास और गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
ईमेल में दावा किया गया था कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित महापौर के कार्यालय में दोपहर तीन बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होगा। इसके बाद परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
अमिताभ बच्चन ने हर रविवार को प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा जारी रखी। इस बार उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, उप महापौर संजय घाड़ी को भी भेजे गए इस ईमेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई थी। इसमें 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच बच्चन के जुहू स्थित आवास 'जलसा' को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई थी।
ईमेल में 'खालिस्तान' का भी जिक्र किया गया था। इसमें दावा किया गया था कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के दौरान भी हमला किया जाएगा।
एहतियात के तौर पर महापौर कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स, शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों और ईमेल में उल्लेख किए गए सभी स्थानों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।