Nabh Chhor
National

राजस्थान में चुनाव हारने पर हिंसा, मतदान दल पर हमला और मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूंकी

राजस्थान में चुनाव हारने पर हिंसा, मतदान दल पर हमला और मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूंकी
N

Naresh Kumar

Nov 17, 2026

6 Views
बांसवाड़ा में सरपंच प्रत्याशी की हार के बाद समर्थकों ने मतदान दल पर हमला किया और जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी।

राजस्थान: चुनाव हारे सरपंच प्रत्याशी के समर्थकों का मतदान दल पर हमला, मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगाई

जयपुर, राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरपंच का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने सोमवार रात कथित तौर पर मतदान दल पर हमला कर दिया और जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात छोटी सरवा पंचायत समिति की बावड़ी निनामा ग्राम पंचायत में हुई। सरपंच पद के प्रत्याशी ललित कुमार 32 मतों से चुनाव हार गए थे। नतीजे घोषित होने के बाद उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और उन्होंने मतदान दल पर हमला कर दिया, जिसमें कई मतदानकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि भीड़ ने मतदानकर्मियों पर पथराव और मारपीट की और इसके बाद जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर कुशलगढ़ के उपखंड अधिकारी मुकेश मीणा और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और हिंसा तथा आगजनी में शामिल होने के संदेह में कई लोगों को हिरासत में लिया।

मीणा ने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

राजस्थान के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए सोमवार को पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान हुआ और चुनाव परिणाम सोमवार को जारी कर दिए गए।

Related Stories

ई-पेपर