Nabh Chhor
National

चेहरे पर केक लगाने से नाराज युवक ने दोस्त को मारा

चेहरे पर केक लगाने से नाराज युवक ने दोस्त को मारा
N

Naresh Kumar

Sep 18, 2026

27 Views
जम्मू में जन्मदिन के दौरान विवाद के बाद युवक की हत्या, आरोपी और उसका भाई गिरफ्तार।

जम्मू में जन्मदिन के दौरान विवाद के बाद युवक की हत्या, आरोपी और उसका भाई गिरफ्तार।

जम्मू में सड़क किनारे जन्मदिन मना रहा एक युवक उसके चेहरे पर केक लगाये जाने पर इतना नाराज हो गया कि उसने कथित तौर पर अपने दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस ने कहा कि आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की पुलिस चौकी ने जानीपुर थाने को सूचना दी कि पवन नायर उर्फ 'समीर' को घायल अवस्था में उसके दोस्त -- जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी अस्पताल लेकर पहुंचे तथा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
उन्होंने बताया कि जानीपुर थाने का एक दल तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचा। पुलिस के अनुसार आरंभिक जांच से पता चला है कि नीरज उर्फ 'अंशु' लोअर रूप नगर के पास सड़क किनारे अपना जन्मदिन मना रहा था, जहा उसके दोस्त सोट्रा, सिंह, भट्टी और नायर मौजूद थे।
 
प्रवक्ता ने कहा, ''नीरज के साथ उसका भाई रिशु भी था। केक काटते समय नायर ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई। जब सोट्रा, सिंह और भट्टी ने उन्हें शांत कराया, तो नीरज गुस्से में आ गया। उसने अपने पास रखी 'खोखरी' निकाली और नायर की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। घायल को तुरंत जीएमसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।''
 
घटना का संज्ञान लेते हुए, जानीपुर थाने ने हत्या का मामला दर्ज किया तथा नीरज एवं उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अपराध में इस्तेमाल हथियार तलाश रही है और मामले की जांच कर रही है।  पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के मुर्दाघर पहुंचा दिया गया है।

 

Related Stories

ई-पेपर