Hisar Police News : कोर्ट परिसर में अफीम तस्करी का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
Naresh Kumar
Jun 06, 2026
Hisar Police News : हिसार सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट गेट पर पकड़ा गया आरोपी; 54 ग्राम अफीम बरामद, सप्लायर भी दबोचा गया।
हिसार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर में अफीम तस्करी का खुलासा किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक आरोपी को अफीम के साथ गिरफ्तार किया और जांच के दौरान उसके मुख्य सप्लायर को भी काबू कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोर्ट परिसर में एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर के गेट नंबर-1 पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को रोका। उसकी पहचान अमित कुमार निवासी लितानी, जिला हिसार के रूप में हुई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से छह प्लास्टिक डिब्बियों में रखी 54 ग्राम 25 मिलीग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थ के मुख्य सप्लायर पवन उर्फ पौना निवासी शयाडवा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किन क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करते थे और उनके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
हिसार पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।