Nabh Chhor
Haryana

Hisar News: हिसार जिले की 17 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hisar News: हिसार जिले की 17 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
N

Naresh Kumar

Apr 17, 2026

89 Views
Hisar News: हिसार जिले की 17 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर यज्ञ-हवन समारोह आयोजित श्रवण एवं वाणी दिव्यांगजनों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ग...
Hisar News: हिसार जिले की 17 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर यज्ञ-हवन समारोह आयोजित
श्रवण एवं वाणी दिव्यांगजनों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ना एक सराहनीय पहल : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
हिसार, 17 अप्रैल।
श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र हिसार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि समारोह की अध्यक्षता हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष मेघा भंडारी द्वारा की गई। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने विशेष रूप से केंद्र के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि श्रवण एवं वाणी दिव्यांगजनों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ना एक सराहनीय पहल है। इससे उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक समावेशन की भावना को बल मिलता है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि यज्ञ-हवन विश्व कल्याण केंद्र भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को आगे बढ़ा रहे है, क्योंकि यज्ञ और हवन मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाते है। इस दौरान उन्होंने केंद्र के लिए अपने ऐच्छिक कोटे से 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के कारण लोगों को अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यज्ञ-हवन जैसे पारंपरिक उपाय पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव भी उतना ही आवश्यक है। यह उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।
समारोह की अध्यक्ष मेघा भंडारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था सजग के प्रदेशाध्यक्ष एवं वास्तुविद सत्य पाल अग्रवाल ने कहा कि हवन से वातावरण में स्वास्थ्यवर्धक तत्वों की वृद्धि होती है, जो मानव जीवन के लिए लाभकारी हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने पर्यावरण शुद्धि, ज्ञान-वृद्धि एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की कामना के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ आशा खेदड़, हिसार मार्किट कमेटी चेयरमैन रविंद्र रोकी, हिसार मार्किट कमेटी वाइस चेयरमैन मार्किट अमित डालमिया, चेयरमैन अजय गावड़, केंद्र के सहायक निदेशक अमित चौधरी, विनोद गोयल, अध्यक्ष डॉ हेमंत आहुजा, सचिव गुलशन कथुरिया, कोषाध्यक्ष संजीव, राजेंद्र सांगवान, बीजेपी जिला सचिव भतेरी देवी सहित केंद्र के कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक रणधीर पनिहार 18 अप्रैल को गौशालाओं में सहयोग राशि वितरण व जनसुनवाई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
हिसार, 17 अप्रैल।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार 18 अप्रैल को जिले के विभिन्न गांवों की गौशालाओं का दौरा कर सहयोग राशि के चेक वितरित करेंगे और जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक प्रात: 10 बजे गांव चौधरीवास पनिहार टिब्बा गौशाला में,  10:30 बजे गौशाला चौधरीवास, 11:15 बजे गौशाला कालवास, 12 बजे गौशाला मंगाली,  बाद दोपहर 1 बजे गौशाला कैमरी, 2 बजे गौशाला शाहपुर तथा 3 बजे गौशाला मिंगनी खेड़ा में शिरकत करेंगे। इस दौरान नलवा विधायक रणधीर पनिहार गौशालाओं के संचालन, व्यवस्थाओं और पशुओं के रखरखाव का निरीक्षण भी करने के साथ-साथ गौशालाओं को सरकार की ओर से दी जाने वाली सहयोग राशि के चेक वितरित करेंगे। इस दौरान वे नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई भी करेंगे।

रोवर पैमाइश से राजस्व कार्यों में आएगी पारदर्शिता व गति : मंडलायुक्त गीता भारती
हिसार, 17 अप्रैल।
जिले में राजस्व कार्यों को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से संचालित रोवर पैमाइश प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर प्रगति पर है। प्रशिक्षण के पांचवें दिन मंडलायुक्त गीता भारती ने गांव बाडो पट्टी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि रोवर तकनीक का उपयोग राजस्व कार्यों में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और इसकी बारीकियों को भली-भांति समझकर फील्ड में लागू करें, ताकि भूमि मापन कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। मंडलायुक्त गीता भारती ने कहा कि रोवर पैमाइश के माध्यम से भूमि का सटीक मापन संभव होगा, जिससे राजस्व मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन को समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में इस तकनीक को प्रभावी रूप से लागू करना सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल राजस्व कार्यों में तेजी आएगी बल्कि आम जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
इस अवसर पर मंडलायुक्त के ओएसडी जगदीप सिंह तथा जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में चिन्हित अपराध मामलों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 17 अप्रैल।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिले में चिन्हित अपराध के तहत आने वाले मामलों की जांच पुलिस विभाग पूरी गहनता से कर रिपोर्ट तैयार करें। इसी प्रकार से जिला न्यायवादी कार्यालय चिन्हित अपराध के मामलों में कोर्ट में ठोस तरीके से पैरवी करना सुनिश्चित करें।
वे शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कान्फ्रेंस सभागार में चिन्हित अपराध की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग चिन्हित अपराध के सभी मामलों की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे तथा जिला न्यायवादी कार्यालय न्यायालय में मजबूती के साथ पक्ष रखें, ताकि कोई भी अपराधी तकनीकी खामियों का लाभ उठाकर बच न सके। बैठक में अधिकारियों ने उपायुक्त महेंद्र पाल को जानकारी देते हुए बताया कि चिन्हित अपराध के अंतर्गत जिले के गंभीर और सनसनीखेज मामलों को शामिल किया जाता है। इसके साथ ही वाणिज्यिक मात्रा के एनडीपीएस मामलों को भी चिन्हित अपराध की श्रेणी में रखा गया है। इन मामलों की विशेष निगरानी की जाती है, ताकि जांच और अभियोजन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान किशन भाई बनाम स्टेट ऑफ गुजरात प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि कोई भी अपराधी कोर्ट में ठोस पैरवी न होने की वजह से बचकर नहीं निकलना चाहिए। कोर्ट में पेशी से पूर्व साक्ष्यों और तथ्यों की मजबूती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं इंटरनेट से जुड़े हुए अपराधों की संख्या में बढ़ोतरी होने के कारण युवा पीढ़ी का पथ भ्रमित होने की संभावना ज्यादा है। इसके अलावा पारिवारिक रिश्तों में भी मतभेद उत्पन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पथ भ्रमित होने से बचाने के लिए अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थानों को अपना दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
बैठक में नगराधीश सुभाष चंद्र, डीएसपी श्रद्धा सिंह, डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी अमित कुमार सहित पुलिस विभाग व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 17 अप्रैल।
उपायुक्त महेंद्र पाल अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पोर्टल पर दर्ज लंबित मामलों, शिकायतों एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रगति पोर्टल पर दर्ज सभी मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान हो।
उन्होंने कहा कि प्रगति पोर्टल एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से उच्च स्तर पर योजनाओं एवं शिकायतों की निगरानी की जाती है। इसलिए सभी अधिकारी इसकी गंभीरता को समझें और पोर्टल पर अपडेट की जाने वाली जानकारी को नियमित रूप से अपडेट रखें।

न्यायिक परिसर में 09 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत : सीजेएम
आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा केसों का निपटारा
हिसार, 17 अप्रैल।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 09 मई को हिसार न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। परिवादी राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह व समझौते के आधार पर स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से केस का निपटारा करा सकते हैं।
सीजेएम एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक लोन से संबंधित मामले, मोटर एक्सीडेंट, एनआई एक्ट, फौजदारी, रेवेन्यू, वैवाहिक विवाद का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित मामलों को परस्पर सहयोग व सौहार्दपूर्ण माध्यम से निपटाने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का कोई मामला न्यायालय में लंबित है तो वह राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उसका निस्तारण करा सकता है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की आपसी सहमति व राजीनामे से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पक्षकारों की रजामंदी से विवादों का निपटारा किया जाता है।

Related Stories

ई-पेपर