Haryana Crime News : कैथल में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो मुठभेड़ों में 3 बदमाशों के पैर में गोली, गिरफ्तार
Naresh Kumar
Jun 13, 2026
Haryana Crime News : हरियाणा के कैथल में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ हुई। पुलिस ने लूट की वारदात के बाद पीछा कर 3 बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में 3 बदमाश घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उनका एक अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे चार बदमाशों ने कलायत क्षेत्र स्थित सहारण होटल में हथियारों के बल पर लूट का प्रयास किया। होटल कर्मचारियों और मौजूद लोगों के विरोध के चलते आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने बलराज नगर के पास एक स्कूटी सवार व्यक्ति को निशाना बनाया और उससे स्कूटी व करीब 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही CIA कलायत और एवीटी कैथल की टीमों ने इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पहली मुठभेड़ कैथल शुगर मिल के पास हुई, जहां पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
इसके बाद तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने अभियान जारी रखा। सुबह करीब 7:15 बजे ग्योंग गांव के खेतों में दूसरी मुठभेड़ हुई, जिसमें तीसरे बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के खांडा गांव निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार चौथे साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई को कैथल पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।