Nabh Chhor
Global

दिवाली उत्सव से मॉल को मिला ब्लैक फ्राइडे का फायदा

दिवाली उत्सव से मॉल को मिला ब्लैक फ्राइडे का फायदा
N

Naresh Kumar

Nov 07, 2026

10 Views
दक्षिण अफ्रीका में दिवाली उत्सवों को शॉपिंग मॉल्स ने ब्लैक फ्राइडे सेल से जोड़ दिया है। दिवाली के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए ग्राहकों को खरीदारी और विशेष छूट के लिए आकर्षित किया जा रहा है।

द. अफ्रीका के शॉपिंग मॉल दिवाली उत्सवों को ब्लैक फ्राइडे सेल से जोड़कर उठा रहे हैं कारोबारी फायदा.

जोहानिसबर्ग, दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख शॉपिंग मॉल में इस साल अभूतपूर्व संख्या में दिवाली उत्सव आयोजित किए गए हैं, जिसके जरिये रोशनी के इस त्योहार को पारंपरिक 'ब्लैक फ्राइडे सेल' से जोड़ा जा रहा है। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में ब्लैक फ्राइडे की छूट का दायरा बढ़कर पूरे नवंबर महीने तक विस्तारित हो गया है, जिसे अब 'ब्लैक नवंबर' कहा जाने लगा है।

दिवाली उत्सव और ब्लैक फ्राइडे सेल के बीच व्यावसायिक जुड़ाव की मुख्य वजह इन दोनों अवसरों का कैलेंडर में एक-दूसरे के करीब होना है। दिवाली नवंबर की शुरुआत में मनाई जाती है, जबकि ब्लैक फ्राइडे महीने के आखिरी शुक्रवार को होता है।

शॉपिंग मॉल और बड़े खुदरा कारोबारी दिवाली को साल की चौथी तिमाही में त्योहारी खरीदारी की शुरुआत के आधिकारिक अवसर के रूप में इस्तेमाल करते हैं। खरीदारी का यह सिलसिला दिसंबर में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर अपने चरम पर पहुंचता है।

दक्षिण अफ्रीका के खुदरा कारोबारी अब ब्लैक फ्राइडे को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बजाय पूरे नवंबर महीने में छूट और विशेष ऑफर देते हैं। ऐसे में दिवाली उनके लिए नवंबर की शुरुआत में अस्थायी बाजार और भारतीय संगीत एवं नृत्य से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर बन गई है। इन आयोजनों के जरिये ग्राहकों को मॉल तक आकर्षित किया जाता है।

ट्रांसवाल इंडियन कांग्रेस की व्यावसायिक इकाई कांग्रेस ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स (सीबीई) के मुताबिक, इसके पीछे कई अन्य कारण भी हैं।

सीबीई के उपाध्यक्ष यूसुफ मूसाजी ने कहा, ''दिवाली और ब्लैक फ्राइडे के दौरान सोना, आभूषण और महंगे कपड़ों जैसी अधिक मुनाफा देने वाली श्रेणियों के उत्पादों में ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ती है। दोनों ही अवसर साल के अंत में खर्च के तहत लोगों को घरेलू उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर बदलने या नए खरीदने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं।''

उन्होंने कहा, ''शॉपिंग मॉल दिवाली के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रंगोली प्रदर्शन और बॉलीवुड गीत-संगीत व नृत्य जैसे मनोरंजक आयोजनों की योजना बनाते हैं। इसका उद्देश्य त्योहार मनाने आए लोगों को ब्लैक फ्राइडे की खरीदारी के लिए भी आकर्षित करना है। दिवाली के आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मॉल में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ती है, जिसका सीधा फायदा फूड कोर्ट, डिपार्टमेंटल स्टोर और सुपरमार्केट को मिलता है।''

इन आयोजनों में दक्षिण अफ्रीका के भारतीय समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। साथ ही, अन्य समुदायों के लोग भी मनोरंजन के साथ खरीदारी और विशेष छूट का लाभ लेने पहुंचते हैं।

Related Stories

ई-पेपर