अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार, ईरान युद्ध पर वेंस ने ट्रंप से बनाई दूरी
Naresh Kumar
Nov 05, 2026
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा। उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया।

वाशिंगटन। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध से जुड़े फैसले का खुलकर समर्थन करने से परहेज किया है। बुधवार को सार्वजनिक रूप से दिए गए बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वेंस मतदाताओं के फैसले से खुद को अलग रखने की कोशिश करते नजर आए।
इस चुनावी हार के बाद वेंस की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने पहले कहा था कि चुनाव के बाद वह तय करेंगे कि 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ना है या नहीं।
वेंस ने ईरान युद्ध को बताया हार की वजह
वेंस ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान के साथ चल रहे युद्ध को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने लिखा, ''हमारी हार की वजह वह युद्ध है।'' वेंस ने कहा कि अगर कोई यह तर्क देना चाहता है कि अगले छह साल के लिए सीनेट पर नियंत्रण खोना सही है, तो वह ऐसा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि लोग उनके विचार से सहमत हों या असहमत, लेकिन कम से कम यह एक ईमानदार बात होगी।
चुनाव परिणामों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। देशभर में डेमोक्रेट उम्मीदवारों ने रिपब्लिकन प्रत्याशियों को कई ऐसे क्षेत्रों में भी हराया, जहां इस तरह के नतीजों की उम्मीद कम थी।
ट्रंप बोले- ईरान के मामले में कार्रवाई जरूरी थी
दूसरी ओर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनावी हार के बावजूद ईरान युद्ध पर अपने फैसले का बचाव करते नजर आए।
व्हाइट हाउस में बन रहे बॉलरूम का पत्रकारों को दौरा कराते हुए ट्रंप ने कहा, ''ईरान के मामले में हमें ऐसा करना ही था और हम इसे जारी रखेंगे।''
वेंस की सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी उपराष्ट्रपति से बातचीत हुई थी। उन्होंने बातचीत को अच्छा बताते हुए कहा कि वह जानते हैं कि वेंस क्या सोचते हैं और उनके अनुसार ईरान युद्ध का फैसला सही था।
ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें पहले से पता था कि युद्ध का असर मध्यावधि चुनावों पर पड़ सकता है।
विदेशों में सैन्य हस्तक्षेप को लेकर अलग रहा है वेंस का रुख
वेंस लंबे समय से विदेशों में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के मामले में संयम बरतने की वकालत करते रहे हैं। ट्रंप द्वारा शुरू किए गए ईरान संघर्ष का उन्होंने सीमित समर्थन किया था।
वह इस युद्ध को समाप्त कराने की कोशिशों में भी प्रमुख भूमिका निभाते नजर आए, हालांकि ये प्रयास सफल नहीं हो सके।
डेमोक्रेट उम्मीदवारों को कई राज्यों में मिली जीत
मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट उम्मीदवारों ने देशभर में रिपब्लिकन प्रत्याशियों को शिकस्त दी। कई ऐसे क्षेत्रों में भी डेमोक्रेट उम्मीदवारों को जीत मिली, जहां रिपब्लिकन पार्टी मजबूत स्थिति में मानी जा रही थी।
इन नतीजों के बाद प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में डेमोक्रेट पार्टी की स्थिति मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपब्लिकन पार्टी की इस हार ने ट्रंप प्रशासन की नीतियों, खासकर ईरान युद्ध को लेकर मतदाताओं की नाराजगी और वेंस के राजनीतिक भविष्य पर नई बहस छेड़ दी है।