रूस से 0-4 से हारी भारतीय महिला टीम, कोच छेत्री बोले- विकास पर ध्यान
Naresh Kumar
Oct 09, 2026
रूस ने भारतीय महिला फुटबॉल टीम को 0-4 से हराया। कोच क्रिसपिन छेत्री ने हार के बावजूद खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता की सराहना की।

कोलकाता। भारतीय महिला फुटबॉल टीम के मुख्य कोच क्रिसपिन छेत्री ने रूस के खिलाफ करारी हार के बाद अपनी युवा टीम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान दीर्घकालिक विकास पर है और खिलाड़ी आक्रामक खेल खेलने से डरते नहीं हैं।
भारत को बृहस्पतिवार को कोलकाता में खेले गए दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में रूस से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा।
हार के बावजूद टीम के इरादों से खुश कोच
मैच के बाद छेत्री ने कहा, “मुझे लगता है कि इस मैच का सकारात्मक पहलू यह रहा कि हमारी टीम ने पूरी प्रतिबद्धता दिखाई। हम आक्रामक खेल खेलने से नहीं डरते हैं। हम वही करने की कोशिश करते हैं, जो हमारे नियंत्रण में है।”
दीर्घकालिक विकास पर रहेगा ध्यान
छेत्री ने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमने अपने इरादे दिखाए। हमने हार नहीं मानी। इसलिए मेरे लिए यही सबसे अच्छी बात है। हमारा ध्यान टीम के दीर्घकालिक विकास पर है।”
कोच के मुताबिक, परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन टीम का प्रतिबद्धता के साथ खेलना सकारात्मक संकेत है। भारतीय टीम अब रूस के खिलाफ श्रृंखला के अगले मैत्री मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।