Nabh Chhor
Sports

कैच छूटना खेल का हिस्सा, फाइनल में दम दिखाएगी टीम इंडिया: दीप्ति शर्मा

कैच छूटना खेल का हिस्सा, फाइनल में दम दिखाएगी टीम इंडिया: दीप्ति शर्मा
N

Naresh Kumar

Sep 11, 2026

7 Views
एशिया कप सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराने के बाद दीप्ति शर्मा ने खराब फील्डिंग की चिंताओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार है।

एशिया कप सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराने के बाद दीप्ति शर्मा ने खराब फील्डिंग की चिंताओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार है।

 
 
भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में अब तक के शानदार प्रदर्शन के बावजूद खराब क्षेत्ररक्षण को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कैच छूटना खेल का हिस्सा है और टीम फाइनल में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
भारत ने इस टूर्नामेंट में अभी तक अपने सभी मैच जीते हैं लेकिन उसका क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा है। विशेषकर उसने कई कैच छोड़े। सेमीफाइनल में भी बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने चार मौके गंवाए थे।
 
दीप्ति ने भारत की सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 40 रन की जीत के बाद कहा, ''क्षेत्ररक्षण में एक टीम के तौर पर हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम अभ्यास के दौरान भी क्षेत्ररक्षण पर काफी ध्यान दे रहे हैं।'' 
 
उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि कभी-कभी ऐसा होता है, लेकिन हम फाइनल में तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।''  फाइनल में भारत का सामना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान या मौजूदा चैंपियन श्रीलंका से होगा। दीप्ति ने कहा कि टीम इन दोनों टीमों के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल को देखने के बाद अपनी रणनीति बनाएगी।
 
उन्होंने कहा, ''इस मैच के बाद हम कल बैठक करेंगे। इससे हमें फाइनल के लिए रणनीति बनाने में और अधिक मदद मिलेगी।'' दीप्ति ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गेंदों में 13 रन बनाए और फिर गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर तीन विकेट लिए।
 
उन्होंने कहा, ''जब भी मुझे बल्लेबाजी का मौका मिलता है, मुझे हमेशा भरोसा रहता है कि मैं बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकती हूं। मैं हमेशा टीम के लिए एक ऑलराउंडर के तौर पर योगदान देना चाहती हूं।''

Related Stories

ई-पेपर