Weather Alert : आंधी-तूफान का कहर: 89 लोगों की मौत, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 ने गंवाई जान
Naresh Kumar
May 14, 2026
Weather Alert : तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली से कई जिलों में तबाही; पेड़ और मकान गिरने से मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में प्रदेशभर में अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। कई जिलों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और कच्चे मकान ढह गए। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में प्रयागराज, भदोही और मिर्जापुर शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई है, जबकि भदोही में 15 और मिर्जापुर में 10 लोगों ने जान गंवाई। इसके अलावा फतेहपुर में 9, प्रतापगढ़ में 4, देवरिया और हरदोई में 2-2 तथा कानपुर देहात और कौशांबी में 1-1 मौत दर्ज की गई है। कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
भदोही जिले में शाम करीब 5:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज तूफान शुरू हो गया। कई इलाकों में पेड़ मकानों और लोगों पर गिर पड़े। सुरियावां थाना क्षेत्र में एक मकान पर पेड़ गिरने से महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी जिलाधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने 24 घंटे के भीतर नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने के आदेश भी जारी किए हैं।