Nabh Chhor
National

वृंदावन गुरुकुल में दर्दनाक हादसा, पानी की टंकी में चार छात्रों की मौत

वृंदावन गुरुकुल में दर्दनाक हादसा, पानी की टंकी में चार छात्रों की मौत
N

Naresh Kumar

Oct 07, 2026

10 Views
वृंदावन गुरुकुलम में पानी की टंकी साफ करने उतरे चार छात्रों की मौत हो गई। एक अन्य छात्र की हालत स्थिर बताई गई है।

वृंदावन गुरुकुलम में पानी की टंकी साफ करने उतरे चार छात्रों की मौत हो गई। एक अन्य छात्र की हालत स्थिर बताई गई है।

मथुरा (उत्तर प्रदेश), सात अक्टूबर। वृंदावन के एक आवासीय विद्यालय में पानी की टंकी साफ करने के लिए उसके अंदर गए चार छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य छात्र बेहोश हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दुर्गंध आने पर टंकी में उतरे छात्र

यह घटना मंगलवार को 'वृंदावन गुरुकुलम' में हुई, जो वृंदावन थाना क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि टंकी से दुर्गंध आने पर छात्र उसे साफ करने के लिए उसके अंदर गए थे।

मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि टंकी साफ करने के लिए सबसे पहले एक छात्र उसके अंदर गया, लेकिन वह बाहर नहीं आया। उसके बाहर न आने पर चार अन्य छात्र भी टंकी के अंदर गए। जब वे भी बाहर नहीं निकले तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।

सभी छात्रों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच में टंकी के अंदर जहरीली गैस की आशंका भी सामने आई है।

चार छात्रों की मौत, पांचवां छात्र सुरक्षित

पुलिस के अनुसार मृतकों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है और वे सभी आवासीय विद्यालय के छात्र थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत यादव के अनुसार मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी मनु कटारा, मेरठ निवासी ऋषभ शर्मा, कौशांबी निवासी आर्यन शर्मा और मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के देवांश के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि 18 वर्षीय रुद्र की हालत स्थिर है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उसे बेहतर निगरानी के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच के आदेश

गुरुकुल में करीब 200 छात्र संस्कृत की पढ़ाई कर रहे हैं और फिलहाल लगभग 100 छात्र परिसर में रह रहे हैं।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस घटनाक्रम का पता लगाने के लिए विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए इसे अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं। 'ओम शांति'। 

 

Related Stories

ई-पेपर