दिल्ली में ‘लाल हिट जनता पार्टी’ का समर्थन मार्च, लगाया ‘मोदी जी कहीं नहीं जा रहे ब्रो’ का नारा
Naresh Kumar
Nov 02, 2026
लाल हिट जनता पार्टी ने राजघाट से रामलीला मैदान तक करीब 200 लोगों के साथ मार्च निकाला। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए।

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को ‘लाल हिट जनता पार्टी’ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में राजघाट से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मार्च में करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने ‘मोदी जी कहीं नहीं जा रहे ब्रो’ का नारा लगाया।
यह मार्च उसी दिन आयोजित किया गया, जब विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने रामलीला मैदान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर ‘चलो दिल्ली’ प्रदर्शन किया।
पार्टी के संस्थापक अयान भटनागर ने किया नेतृत्व
पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मार्च का नेतृत्व लाल हिट जनता पार्टी के संस्थापक एवं संयोजक अयान भटनागर ने किया।
मार्च में शामिल लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर चल रहे थे। इन पर देश के विकास और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए गए थे।
यह मार्च राजघाट से शुरू होकर रामलीला मैदान में समाप्त हुआ।
‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश पहुंचाना था उद्देश्य
पार्टी के अनुसार, मार्च का उद्देश्य उसके ‘राष्ट्र प्रथम’ संदेश, देश के विकास के एजेंडे के प्रति समर्थन और संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को लोगों तक पहुंचाना था।
बयान में कहा गया कि यह मार्च कांग्रेस के प्रति पार्टी के राजनीतिक विरोध को भी दर्शाता है। इसमें शामिल लोगों ने प्रधानमंत्री और देश के विकास को लेकर बनाए जा रहे राजनीतिक विमर्श पर चिंता जताई।
शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक भागीदारी पर दिया जोर
पार्टी ने अपने बयान में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक भागीदारी, जन जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
गौरतलब है कि दिल्ली में एक ही दिन दो अलग-अलग राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां 'इंडिया' गठबंधन ने कथित चुनावी अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया, वहीं लाल हिट जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में मार्च निकाला।