Nabh Chhor
National

ट्रंप का बड़ा ऐलान! सैनिकों की मौत का बदला, ईरान पर भीषण एयरस्ट्राइक

ट्रंप का बड़ा ऐलान! सैनिकों की मौत का बदला, ईरान पर भीषण एयरस्ट्राइक
N

Naresh Kumar

Jul 20, 2026

73 Views
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने ईरान के उत्तर-पश्चिमी शहर तबरेज समेत कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जबकि जवाब में ईरान ने बहरीन और कुवैत को निशाना बनाया।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने ईरान के उत्तर-पश्चिमी शहर तबरेज समेत कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जबकि जवाब में ईरान ने बहरीन और कुवैत को निशाना बनाया।

अमेरिका ने ईरान पर फिर किए हवाई हमले, तेहरान ने बहरीन और कुवैत को बनाया निशाना
दुबई, 20 जुलाई (एपी) अमेरिका ने अपने एक और सैनिक की मौत की पुष्टि के बाद सोमवार को ईरान के उत्तर-पश्चिमी शहर तबरेज को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। माना जाता है कि इस क्षेत्र में मिसाइलों के भूमिगत ठिकाने मौजूद हैं।

वहीं, ईरान ने जवाबी हमले करते हुए बहरीन और कुवैत को निशाना बनाया। बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है।

पिछले महीने हुए अंतरिम युद्धविराम समझौते के टूटने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव फिर चरम पर पहुंच गया है और वे एक बार फिर पूर्ण युद्ध के करीब दिखाई दे रहे हैं। इस संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी काफी हद तक प्रभावित हुई है जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट और गहरा गया है।
अमेरिकी सेना ने बताया कि शनिवार को इराक में ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले में उसका एक सैनिक मारा गया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ''हमने आज रात उन पर फिर बेहद जोरदार हमला किया है। हमने यह कार्रवाई अपने सैनिकों की मौत का बदला लेने के लिए की है।''
इस संघर्ष में अब तक अमेरिका के 17 सैनिक मारे जा चुके हैं।
इससे पहले रविवार को अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसने जॉर्डन में शुक्रवार को हुए हमले में सैनिकों की मौत के जवाब में ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड को निशाना बनाया।

अमेरिकी सेना के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य जॉर्डन में हुए उस हमले के लिए ईरान को ''तत्काल दंडित'' करना था जिसमें अमेरिका के दो सैनिक मारे गए, एक सैनिक लापता हो गया और चार अन्य घायल हो गए थे।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमान ने बताया कि सोमवार तड़के किए गए हमलों में ईरान के सैन्य कमान केंद्रों, हवाई रक्षा और तटीय निगरानी ठिकानों, समुद्री सैन्य क्षमताओं, मिसाइल एवं ड्रोन प्रक्षेपण स्थलों तथा संचार नेटवर्क को निशाना बनाया गया।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए की खबर के अनुसार, अमेरिकी हमलों में राजधानी तेहरान से करीब 520 किलोमीटर दूर स्थित उत्तर-पश्चिमी शहर तबरेज के आसपास एक व्यक्ति की मौत हो गई।

माना जाता है कि तबरेज में ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के ऐसे ठिकाने हैं, जहां मिसाइलों को भूमिगत रखा जाता है।
आईआरएनए की खबर के अनुसार, अमेरिकी हमलों में खुजस्तान प्रांत के बंदर इमाम खुमैनी, होर्मोजगान प्रांत के सिरिक और जास्क तथा सीस्तान-बलूचिस्तान प्रांत के कोनारक और चाबहार को भी निशाना बनाया गया।

इस बीच, ब्रिटेन की सेना ने बताया कि सोमवार तड़के ओमान के तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज में आग लग गई।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

उधर, तेहरान ने जवाबी हमले करते हुए पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी देशों को निशाना बनाया। बहरीन में संभावित मिसाइल हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाए गए जबकि कुवैत ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली संभावित ईरानी मिसाइलों और ड्रोन का जवाब दे रही है।

 

Related Stories

ई-पेपर