Petrol Diesel News: कुमारी सैलजा का सरकार पर हमला, E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का बड़ा सवाल
Naresh Kumar
Jul 08, 2026
Petrol Diesel News: कुमारी सैलजा ने कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटाने पर सवाल उठाए। वहीं अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर ऑटो कंपनियों से जवाब मांगा।
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और E20 पेट्रोल को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। हरियाणा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 68.69 डॉलर प्रति बैरल तक गिर चुकी है, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि तेल कंपनियां पेट्रोल पर करीब 10.5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 11 रुपये प्रति लीटर तक का मुनाफा कमा रही हैं तथा पिछले 36 दिनों से लगातार लाभ में हैं। इसके बावजूद पेट्रोल और डीज़ल के दाम कम नहीं किए गए।
Related Story
जियो आईपीओ की शानदार शुरुआत
6 seconds ago
कुमारी सैलजा ने कहा, "तेल सस्ता, मुनाफ़ा ज़्यादा… लेकिन जनता को राहत शून्य। यही भाजपा सरकार का आर्थिक मॉडल है।" उनका आरोप है कि जब कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो महंगाई का बोझ जनता पर डाल दिया जाता है, लेकिन कीमतें घटने पर उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय तेल कंपनियों और टैक्स से राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया जाता है।
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर एक अलग मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि वह देश की सभी ऑटो मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को पत्र लिख रहे हैं। कंपनियों से पूछा जाएगा कि क्या 2023 से पहले बनी गाड़ियों में E20 पेट्रोल का सुरक्षित उपयोग किया जा सकता है। यदि E20 के इस्तेमाल से माइलेज कम होती है या इंजन अथवा किसी अन्य पार्ट में खराबी आती है, तो क्या संबंधित कंपनी इसकी भरपाई करेगी।
केजरीवाल ने बताया कि इस विषय पर भेजे गए सभी पत्र आज दोपहर 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक किए जाएंगे। पेट्रोल-डीजल की कीमतों, तेल कंपनियों के मुनाफे और E20 ईंधन को लेकर उठे इन सवालों के बीच अब लोगों की नजर सरकार और ऑटो कंपनियों की प्रतिक्रिया पर टिकी है।