National
BRICS के मंच से बढ़ा भारत का कद, नायडू ने सराहा
N
Naresh Kumar
Sep 14, 2026
46 Views
चंद्रबाबू नायडू ने BRICS की सफल मेजबानी पर कहा, दुनिया में भारत की आवाज अब अधिक विश्वास और सम्मान से सुनी जाती है।
चंद्रबाबू नायडू ने BRICS की सफल मेजबानी पर कहा, दुनिया में भारत की आवाज अब अधिक विश्वास और सम्मान से सुनी जाती है।

14 सितंबर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए भारत की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर देश की आवाज अब ''पहले से कहीं अधिक विश्वास और सम्मान'' के साथ सुनी जा रही है।
भारत ने 12 और 13 सितंबर को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की, जिसमें 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मुझे खुशी है कि भारत ने नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी की...आज दुनिया भर में भारत की आवाज पहले से कहीं अधिक विश्वास और सम्मान के साथ सुनी जा रही है।''
नायडू ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं, शिखर सम्मेलन विश्व की कुछ प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को एकसाथ लाया। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसे विश्वसनीय मंच के रूप में उभरा है, जहां विभिन्न विचार रखने वाले देश साथ आकर रचनात्मक बातचीत कर सकते हैं और साझा आधार तलाश सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली घोषणापत्र में मजबूत बहुपक्षीय संस्थाओं, लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं, नवाचार, सतत विकास और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच अधिक सहयोग पर दिया गया जोर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
नायडू ने कहा कि आने वाले दशकों में ये मुद्दे वैश्विक आर्थिक वृद्धि और समृद्धि की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि विकासशील देशों के हितों को आगे बढ़ाते हुए आम सहमति कायम करने की भारत की क्षमता वैश्विक मंच पर उसकी ''बढ़ती आर्थिक ताकत और कद'' को दर्शाती है।
नायडू ने इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन की मेजबानी में नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी सराहना की।