Panchkula Breaking News : पंचकूला में देर रात एनकाउंटर: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, अपहरण-लूट मामले का खुलासा
Naresh Kumar
Jun 17, 2026
Panchkula Breaking News : पंचकूला में अपहरण और लूट मामले के आरोपियों से पुलिस की देर रात मुठभेड़ हुई। फायरिंग के दौरान दो बदमाश घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं।
पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अपहरण और लूटकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की बदमाशों से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए।
Related Story
सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी की गाड़ी रोकने की कोशिश, हथियार दिखाने का आरोप
1 week ago
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की पहचान दादरी निवासी दीपेश और भिवानी निवासी योगेश के रूप में हुई है। दोनों पर पंचकूला में एक युवक के अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
घेराबंदी होते ही चली गोलियां
सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए पंचकूला के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
क्या खुलेंगे और भी राज?
पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अपहरण और लूट की वारदात में इनके साथ और कौन-कौन शामिल था। इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।