Haryana Weather Update : सावधान हरियाणा! 10 से 12 मई के बीच इन जिलों में आंधी-बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Naresh Kumar
May 07, 2026
Haryana Weather Update : हरियाणा समेत उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 मई 2026 के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली कड़कने और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने हरियाणा के मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों विशेषकर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद जिलों के आसपास गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। 
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 से 12 मई के दौरान कहीं छिटपुट तो कहीं व्यापक बारिश दर्ज की जा सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मंडियों में रखा गेहूं तिरपाल से अच्छी तरह ढकने और तेज हवाओं से बचाने के लिए कृषि उपकरण एवं फसल ढेरियों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बिजली कड़कने के दौरान खेतों में काम नहीं करने की सलाह भी दी गई है।
प्रदेश के चार जिलों में धूल भरी आंधी और 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।