Haryana News: रामकुमार गौतम उनके द्वारा कहे गए अपशब्दों की माफी मांगे नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी
Naresh Kumar
May 20, 2026
Haryana News: बुधवार को चंडीगढ़ स्थित इनेलो पार्टी मुख्यालय पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, कानून प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और टपरीवास प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला एवं प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने बैठक ली। साथ में सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
Related Story
सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी की गाड़ी रोकने की कोशिश, हथियार दिखाने का आरोप
1 week ago
बीजेपी विधायक रामकुमार गौतम द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के ऊपर ब्राह्मणों को खत्म करने का बेहद घटिया और अनर्गल बयान दिए जाने पर इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने पलटवार करते हुए कहा कि रामकुमार गौतम का यह इतिहास रहा है कि उन्होंने हमेशा ही जात पात की राजनीति करते हुए समाज को बांटने के लिए बेतुकी और घटिया बयानबाजी की है। कुछ दिन पहले इन्होंने जाट समाज पर भी अभद्र टिप्पणी की थी जिसकी सर्व समाज के लोगों ने गौतम की कड़ी आलोचना की थी। रामकुमार गौतम को न तो बीजेपी में पूछ है और न ही जनता उनको पसंद करती है, जिसके कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है। ऐसे घटिया बयान देकर सिर्फ खबरों की सुर्खियां बटोरना चाहते हैं।
रामपाल माजरा ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल और स्वर्गीय चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने मुख्यमंत्री रहते हुए ब्राह्मण समाज के कई लोगों को विधायक और मंत्री बनाया। ओम प्रकाश भारद्वाज को मंत्री और वासूदेव शर्मा को डिप्टी स्पीकर बनाया। राजेश शर्मा को प्लानिंग बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया। योगेश शर्मा और दुर्गा दत्त को विधायक बनाया। गुलशन भारद्वाज को एचपीएससी और मूल चंद शर्मा को एचएसएससी का सदस्य बनाया, जय नारायण भारद्वाज को उपभोक्ता फोरम का अध्यक्ष, प. श्री किशन शर्मा को शिक्षा बोर्ड का अध्यक्ष, प. सुशील शर्मा को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन, जेके शर्मा को एमडी यूनिवर्सिटी का प्रो-वीसी, प्रोमिला शर्मा को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सदस्य और कमलेश शर्मा को समाज कल्याण सलाहकार बोर्ड का सदस्य बनाया। एडवोकेट जनरल, जो सर्वोच्च पद है, उस पर सूर्यकांत शर्मा को नियुक्त किया था जो आज भारत देश के चीफ जस्टिस हैं। उन्होंने कहा कि जब से सृष्टि बनी है तब से ही ऋषि और कृषि का संबंध रहा है। स्वर्गीय चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने हमेशा ही केवल ब्राह्मण समाज नहीं बल्कि सर्व समाज का ख्याल रखा और पूरा मान सम्मान दिया।
रामपाल माजरा ने कहा कि रामकुमार गौतम उनके द्वारा कहे गए अपशब्दों की माफी मांगे नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।