Haryana News: रोहतक RTA में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल, ₹1 लाख की रिश्वत लेते निरीक्षक और सहायक सचिव गिरफ्तार
Naresh Kumar
May 06, 2026
Haryana News: भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रोहतक क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) कार्यालय में बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। एसीबी ने आरटीए निरीक्षक (Inspector) राकेश राणा और सहायक सचिव (Assistant Secretary) मनीष मदान को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मंथली सिस्टम का खौफनाक खुलासा
गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई पूछताछ में भ्रष्टाचार के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, ये अधिकारी ट्रांसपोर्टरों और ट्रक मालिकों को भारी-भरकम चालान का डर दिखाकर उन पर दबाव बनाते थे। ट्रांसपोर्टरों को मजबूर किया जाता था कि वे अधिकारियों के बनाए 'मंथली सिस्टम' में शामिल हों और हर महीने एक तय रकम (मंथली) उन्हें पहुंचाएं।
लाखों की प्रतिमाह वसूली का आरोप
एसीबी की जांच में सामने आया है कि जाल में फंसने से पहले ये दोनों अधिकारी सैकड़ों ट्रांसपोर्टर्स से प्रतिमाह लाखों रुपए की अवैध वसूली कर रहे थे। जो ट्रांसपोर्टर मंथली देने से मना करता, उसके वाहनों के अवैध रूप से चालान काट दिए जाते थे। इस भ्रष्टाचार ने परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की नाक में दम कर रखा था।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एंटी करप्शन ब्यूरो ने राकेश राणा और मनीष मदान के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में विभाग के और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं। आज दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।