Haryana News: हिसार को मिली 2.55 करोड़ रुपये की 'सुपर सकर मशीन' की सौगात
Naresh Kumar
May 16, 2026
Haryana News: हिसार शहर की स्वच्छता एवं सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में 2.55 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक 'सुपर सकर मशीन' के शुभारंभ पर हिसार की विधायक सावित्री जिन्दल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर सिंह गंगवा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सावित्री जिन्दल ने कहा कि पूर्व मंत्री ओपी जिन्दल के आशीर्वाद और वर्तमान सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों के चलते आज हिसार वासियों का 'स्वच्छ-स्वस्थ हिसार' का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुविधाओं और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
यह अत्याधुनिक सुपर सकर मशीन पूरे 'हिसार परिवार' के जीवन स्तर और शहर के पर्यावरण को सुधारने में एक युगांतकारी कदम साबित होगी।
यह सुपर सकर मशीन शहर के मुख्य बरसाती नालों तथा 2000 मिमी व्यास तक की बड़ी सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग और डी-चोकिंग करने में सक्षम है। हाई प्रेशर जेटिंग तकनीक के माध्यम से सीवर लाइनों की सफाई का कार्य न केवल बेहद तेज होगा, बल्कि पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी भी होगा। इससे सीवर से निकलने वाले कचरे, गाद और अपशिष्ट पदार्थों का सुरक्षित संग्रहण और परिवहन किया जा सकेगा, जिससे शहर को जलभराव और गंदगी से होने वाली बीमारियों से मुक्ति मिलेगी।
जिन्दल ने कहा, " हिसार वासियों का सहयोग और अटूट विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और हम हिसार के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।"