हरियाणा में प्रॉपर्टी कारोबारी के घर फायरिंग
हांसी के पेटवाड़ गांव में प्रॉपर्टी कारोबारी के घर और कार पर बदमाशों ने फायरिंग की।
हरियाणा कांग्रेस MLA के गांव में चलीं गोलियां
हांसी: हरियाणा के हांसी जिले में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के पैतृक गांव पेटवाड़ में बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने गांव के एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर को निशाना बनाया।

वारदात के समय कारोबारी पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी का नाम लेकर आवाज लगाई। कुछ देर तक कोई बाहर नहीं आया तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए।
गोलियों की आवाज सुनकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे सहम गए। बदमाशों के जाने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। कारोबारी भी घर लौट आए। पता चला कि बदमाशों ने घर की दीवारों और अंदर खड़ी कार पर गोलियां चलाई थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पूरी वारदात CCTV में कैद हुई। घर में लगे CCTV कैमरों में फायरिंग की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है। इसके आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रॉपर्टी कारोबारी परिवार ने बताया पूरा घटनाक्रम
प्रॉपर्टी के साथ आढ़त का कारोबार: पेटवाड़ निवासी उमेश ने बताया कि उनके पिता धर्मपाल की उम्र करीब 60 साल है। वे प्रॉपर्टी कारोबार के साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 भी संभालते हैं।
घर के बाहर से नाम लेकर लगाई आवाज: शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे एक व्यक्ति बाइक से उनके घर पहुंचा। उसने बाहर से उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। उस समय पिता धर्मपाल पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे।
मुख्य गेट से एक, घर में घुसकर तीन फायर: उमेश के मुताबिक, जब कोई बाहर नहीं गया तो आरोपी ने घर के मुख्य गेट से एक फायर किया। इसके बाद अंदर घुसकर तीन राउंड और गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं। आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था।
घर में महिलाएं-बच्चे मौजूद, डरे-सहमे रहे: उमेश ने बताया कि घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे। उमेश ने कहा कि उनकी किसी से कहासुनी या विवाद नहीं है। अचानक हुए घटनाक्रम से परिवार सहमा हुआ है।

परिवार बोला- किसी से रंजिश नहीं, न कोई विवाद
उमेश ने बताया कि उनकी किसी के साथ न तो कोई कहासुनी हुई है और न ही कोई विवाद चल रहा है। इसके अलावा न किसी से दुश्मनी थी और न ही किसी तरह की रंजिश। ऐसे में उनके साथ हुई घटना ने परिवार को भी हैरान कर दिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, CIA नारनौंद और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल देखा और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। नारनौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, CCTV में एक लड़का कैद हुआ है, जिसकी पहचान की जा रही है। फायरिंग का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस परिवार से बात कर रही है और मामले की जांच जारी है।
टिप्पणियां (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!
टिप्पणी लिखें