Haryana
हरियाणा में वोटर लिस्ट जारी! लाखों नाम कटे? जानिए पूरा सच | Haryana SIR 2026
N
Naresh Kumar
Aug 01, 2026
70 Views
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिनका नाम सूची में नहीं है, वे 30 अगस्त तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। जानिए पूरी प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियां और निर्वाचन आयोग की नई अपडेट।
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिनका नाम सूची में नहीं है, वे 30 अगस्त तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। जानिए पूरी प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियां और निर्वाचन आयोग की नई अपडेट।

हरियाणा एसआईआर : मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित
चंडीगढ़, हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के पहले चरण के पूरा होने के बाद राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया ।
शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार 20,629 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने 2.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र वितरित किए।
बयान में कहा गया कि 24 जुलाई तक कुल 2,06,55,929 मतदाताओं में से 1,72,72,627 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कर दिए। इससे एसआईआर के गणना चरण में मतदाताओं की व्यापक भागीदारी का पता चलता है।
एसआईआर के दौरान 24.13 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो स्थायी रूप से अन्य स्थान पर चले गए थे, अनुपस्थित थे या अन्य श्रेणियों में आते थे। इसके अलावा 7.66 लाख लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.04 लाख मतदाता एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज पाए गए।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि जिन वास्तविक मतदाताओं के नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे 31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलने वाली दावा और आपत्ति अवधि के दौरान निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 जमा कर अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि जो मतदाता एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए हैं, उनका नाम केवल एक ही स्थान की सूची में रखा जाएगा।
दावा और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 31 जुलाई से 28 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बयान में कहा गया कि हरियाणा में एसआईआर की प्रक्रिया अधिकतम जनभागीदारी, सभी पात्र मतदाताओं का पूर्ण समावेश और प्रत्येक चरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की गई।
बयान के अनुसार इस अभियान की सफलता का श्रेय हरियाणा के सभी 23 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), 90 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 1,594 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 2,244 बीएलओ पर्यवेक्षकों तथा 20,629 मतदान केंद्रों पर तैनात 20,629 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के समन्वित प्रयासों को दिया गया है। स्वयंसेवियों ने भी इस अभियान में सहयोग किया।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जिनमें उनके जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं, ने भी सक्रिय भागीदारी की। राजनीतिक दलों की ओर से कुल 36,998 बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए गए।
शुक्रवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उन्हें दावा एवं आपत्ति की समय-सारिणी की जानकारी दी गई और उपस्थित प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।