मिडवेस्ट एनर्जी को मिली 1,200 टन चुंबक परियोजना
मिडवेस्ट एनर्जी को केंद्र की 7,280 करोड़ रुपये की योजना के तहत सालाना 1,200 टन दुर्लभ पृथ्वी चुंबक बनाने की परियोजना मिली।
मिडवेस्ट एनर्जी को केंद्र की 7,280 करोड़ रुपये की योजना के तहत सालाना 1,200 टन दुर्लभ पृथ्वी चुंबक बनाने की परियोजना मिली।

नई दिल्ली। मिडवेस्ट एनर्जी लिमिटेड को केंद्र सरकार की 7,280 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना के तहत सालाना 1,200 टन क्षमता वाली दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक विनिर्माण परियोजना स्थापित करने के लिए चुना गया है। इसे इलेक्ट्रिक परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण के लिए जरूरी सामग्रियों की घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारी उद्योग मंत्रालय से मिला आशय पत्र
कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि सिंटरित दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक (आरईपीएम) के विनिर्माण को बढ़ावा देने वाली योजना के तहत सफल बोलीदाता चुने जाने के बाद उसे भारी उद्योग मंत्रालय से आशय पत्र (एलओआई) मिला है।
मिडवेस्ट एनर्जी ने इस परियोजना के लिए 505.05 रुपये प्रति किलोग्राम की बिक्री प्रोत्साहन दर का उल्लेख किया था।
90 दिनों में जमा करनी होगी 40 करोड़ रुपये की सुरक्षा राशि
कंपनी के मुताबिक, आशय पत्र कुछ शर्तों के अधीन है। इसके तहत मिडवेस्ट एनर्जी को पत्र मिलने के 90 दिनों के भीतर 40 करोड़ रुपये की प्रदर्शन सुरक्षा राशि जमा करनी होगी।
कंपनी ने कहा कि सरकार योजना और प्रस्ताव के अनुरोध (आरएफपी) के तहत निर्धारित शर्तों को पूरा किए जाने की पुष्टि करने के बाद अंतिम आवंटन पत्र जारी करेगी।
घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाने पर जोर
मिडवेस्ट एनर्जी की पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सौम्या कोल्लारेड्डी ने कहा कि यह आशय पत्र दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक विनिर्माण में घरेलू क्षमता विकसित करने की कंपनी की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने कहा कि कंपनी स्वदेशी विनिर्माण क्षमताएं विकसित करने और महत्वपूर्ण सामग्रियों की आपूर्ति शृंखला तैयार करने के भारत के प्रयासों में योगदान देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
टिप्पणियां (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!
टिप्पणी लिखें